बिलासपुर

छत्तीसगढ़ की बहुप्रतीक्षित हिंदी फीचर फिल्म “भक्त माँ कर्मा” 15 मई को होगी प्रदर्शित

  • नारी शक्ति, भक्ति, समरसता और भारतीय संस्कृति का भव्य सिनेमाई प्रस्तुतीकरण

बिलासपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ की धरती पर निर्मित बहुप्रतीक्षित हिंदी फीचर फिल्म “भक्त माँ कर्मा” आगामी 15 मई को नागपुर महाराष्ट्र, खरियाररोड उड़ीसा व प्रदेशभर के सभी सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने जा रही है। यह फिल्म साहू समाज की अधिष्ठात्री संत शिरोमणि भक्त माँ कर्मा जी के लगभग एक हजार वर्ष पूर्व सर्वसमाज के लिए प्रेरणादायक जीवन चरित्र पर आधारित है, जिसमें उनके त्याग, भक्ति, सेवा, समरसता, नारी शक्ति एवं अदम्य साहस को अत्यंत भावपूर्ण एवं भव्य रूप में प्रस्तुत किया गया है।

“छत्तीसगढ़ फिल्म वेलफेयर एसोसिएशन सोसायटी”, के अध्यक्ष और फिल्म के निर्माता श्री अजय खांडेकर ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि “भक्त माँ कर्मा” केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, नारी सम्मान और सत्कर्म का संदेश देने वाला एक सामाजिक एवं आध्यात्मिक अभियान है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कारों एवं प्रेरणादायक चरित्रों से जोड़ने के उद्देश्य से इस फिल्म का निर्माण किया गया है।

“छत्तीसगढ़ फिल्म वेलफेयर एसोसिएशन सोसायटी” के संरक्षक एवं वरिष्ठ समाजसेवी अजय शर्मा जी, जो इस फिल्म के स्टार प्रचारक एवं प्रमुख कलाकार के रूप में भी जुड़े हुए हैं, उन्हो ने कहा कि यह फिल्म समाज में सकारात्मक ऊर्जा, संस्कृति एवं महिला सम्मान की भावना को और अधिक सशक्त करेगी। उन्होंने प्रदेशवासियों से परिवार सहित फिल्म देखने की अपील की।

फिल्म का निर्देशन शशिकांत कौशिक ने किया है, जबकि कहानी, लेखन व पटकथा का कार्य राजेश साहू द्वारा किया गया है। फिल्म के सह-निर्माता राजकुमार यादव हैं। गीत एवं संगीत का निर्माण डी.पी. विश्वकर्मा ने किया है, जिन्होंने भक्ति एवं भावनात्मक संगीत के माध्यम से फिल्म को विशेष ऊंचाई प्रदान की है।

फिल्म में माँ कर्मा के मुख्य किरदार को अभिनेत्री अनिकृति चौहान ने अत्यंत प्रभावशाली अभिनय के साथ जीवंत किया है। वहीं फिल्म में माँ कर्मा के पति के रूप में अभिनेता गुलशन साहू ने अपनी दमदार भूमिका से कहानी को भावनात्मक गहराई प्रदान की है।

फिल्म की विशेषता यह भी है कि इसमें भारतीय संस्कृति, भक्ति और लोक परंपराओं को अत्यंत भव्यता के साथ प्रस्तुत किया गया है। साथ ही माता कर्मा का जीवन संघर्ष जैसे सूखे तालाब को तेल से भरने जैसा असंभव कार्य को करना, और तत्कालीन समय के शोषण के ख़िलाफ़ खड़ा होना तथा भगवान जगन्नाथपूरी में खिचड़ी का भोग जैसे परंपरा को शुरू करने से लेकर माता की भक्ति, शक्ति, मुक्ति समरसता और अदम्य साहस का मिसाल पेश करते हुए यह फिल्म समाज में नारी सशक्तिकरण, महिला सम्मान, सेवा एवं सामाजिक समरसता का प्रेरणादायक संदेश देती है।

प्रेस वार्ता के दौरान फिल्म की पूरी टीम ने समाज के सभी वर्गों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने परिवार सहित सिनेमाघरों में पहुंचकर इस प्रेरणादायक एवं सांस्कृतिक फिल्म का देखे और भारतीय संस्कृति को सशक्त बनाने के इस मुहीम का हिस्सा बनें।

फिल्म से जुड़े प्रमुख नाम :
निर्माता — अजय खांडेकर, संरक्षक, स्टार प्रचारक एवं प्रमुख कलाकार — अजय शर्मा, निर्देशक — शशिकांत कौशिक
लेखक — राजेश साहू, सह निर्माता — राजकुमार यादव, गीतकार एवं संगीतकार — डी.पी. विश्वकर्मा,मुख्य अभिनेत्री — अनिकृति चौहान

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts