देशनई दिल्ली

नीट (यूजी) 2026: पेपर लीक विवाद के बीच दोबारा होगी परीक्षा, एनटीए ने जारी की डेट

नई दिल्ली (विश्व परिवार)। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने पेपर लीक विवाद के बाद नीट (यूजी) 2026 परीक्षा रद्द कर दी है। अब यह परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। इस संबंध में एनटीए ने शुक्रवार को घोषणा की कि नई परीक्षा 21 जून 2026 (रविवार) को होगी। यह फैसला भारत सरकार की मंजूरी के बाद लिया गया है।
इस फैसले से देशभर के करीब 22 लाख छात्रों और उनके अभिभावकों को बड़ी राहत मिली है, जो पिछले कई दिनों से अनिश्चितता में थे।
NTA का आधिकारिक बयान
NTA ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट करते हुए बताया, “नीट (यूजी) 2026 — परीक्षा तिथि की घोषणा। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने भारत सरकार की स्वीकृति से नीट (यूजी) 2026 की परीक्षा को दोबारा 21 जून 2026 को आयोजित करने का निर्णय लिया है।”
एजेंसी ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और किसी भी अफवाह से बचें।
NTA ने संपर्क नंबर भी जारी किए हैं:
011-40759000 और 011-69227700
पेपर लीक का मामला
ज्ञात हो, 3 मई 2026 को आयोजित हुई नीट यूजी परीक्षा में बड़े पैमाने पर पेपर लीक और गड़बड़ी के आरोप सामने आए थे। शुरुआती जांच में परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठे। इसी के बाद परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया और अब इसे नए सिरे से आयोजित करने की तैयारी है।
पूरे मामले की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई है। CBI इस बात की जांच कर रही है कि पेपर लीक के पीछे कौन सा नेटवर्क या सिंडिकेट सक्रिय था और इसमें कौन-कौन शामिल है।
वहीं एनटीए ने छात्रों को आश्वासन दिया है कि नई परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से आयोजित की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts