रायपुर (विश्व परिवार)। राजधानी समेत छत्तीसगढ़ के कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर दूसरे दिन भी लंबी कतारें देखने को मिलीं। अफवाहों और संभावित ईंधन संकट की आशंका के चलते लोग लगातार पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए पंपों पर पहुंच रहे हैं। स्थिति को देखते हुए प्रशासन और ऑयल कंपनियों ने लोगों से पैनिक बाइंग नहीं करने की अपील की है।
जानकारी के मुताबिक, प्रदेश के 35 पेट्रोल पंपों में से 32 पंपों पर सामान्य रूप से पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति जारी है। बिलासपुर शहर में कुल 16 पंप हैं, जिनमें से 13 पंपों पर ईंधन उपलब्ध बताया गया है। वहीं, तीन पंपों में तकनीकी कारणों से अस्थायी समस्या आई थी।
ऑयल कंपनियों के अधिकारियों का कहना है कि दूसरे राज्यों से आने वाली पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति लगातार जारी है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। इसके बावजूद अफवाहों के कारण लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवा रहे हैं, जिससे कई पंपों पर लंबी लाइनें लग रही हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आवश्यकता अनुसार ही ईंधन खरीदें। अधिकारियों ने यह भी कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आम जनता को घबराने की जरूरत नहीं है।







