छत्तीसगढ़रायपुर

निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने ली पहली समीक्षा बैठक, राजस्व व सफाई व्यवस्था पर दिया जोर

रायपुर (विश्व परिवार)। आज रायपुर नगर पालिक निगम के आयुक्त संबित मिश्रा ने नगर निगम मुख्यालय में अधिकारियों की प्रथम परिचय बैठक लेते हुए कार्यों की समीक्षा समय सीमा बैठक में की एवं अनेक आवश्यक निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। आयुक्त ने नगर निगम के हित में अधिकाधिक राजस्व वसूली करने एवं सफाई की श्रेष्ठ व्यवस्था कर शहर में अच्छी सुगम निकास व्यवस्था देना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने सभी अवैध नल कनेक्शनों पर नियमानुसार कार्रवाई कर करारोपण करने तथा नगर निगम रायपुर के सभी बड़े बकायादारों पर सख्ती से कार्रवाई कर राजस्व वसूली करने के निर्देश दिए।

आयुक्त संबित मिश्रा ने अधिकारियों को अधोसंरचना मद, जिला खनिज न्यास मद, 15वें वित्त आयोग मद, सांसद निधि, विधायक निधि और प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अप्रारंभ एवं लंबित विकास कार्यों को प्रारंभ करवाकर तेज गति से समय सीमा तय कर गुणवत्ता के साथ जनहित में पूर्ण करवाना प्राथमिकता से सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए। आयुक्त ने नगर निगम रायपुर के सभी कार्यों को ऑनलाइन किए जाने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने ई-ऑफिस का पूर्ण सदुपयोग करने एवं सभी चालान कार्रवाई ऑनलाइन लगातार करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम में ऑनलाइन प्रणाली को प्राथमिकता के साथ लागू करने कहा, जिससे नागरिक घर बैठे ऑनलाइन सुविधाओं का लाभ सहज रूप से प्राप्त कर सकें। साथ ही ऑनलाइन कार्यों से अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों को कार्य गति देने में सुविधा होगी।

आयुक्त संबित मिश्रा ने वर्षा जल संचय हेतु रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली अधिक से अधिक स्थानों पर लगवाने के लिए अभियान चलाकर कार्य करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन कार्य सभी 70 वार्डों में शत-प्रतिशत क्षेत्र कवर कर करवाने एवं अनुबंधित रामकी कंपनी से गाड़ियां चलवाकर तत्काल कचरा उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने सभी जोन कमिश्नरों को अपने-अपने जोन क्षेत्र में बारिश के दौरान संभावित जलभराव वाले स्थलों का जोन स्वास्थ्य अधिकारियों सहित स्वयं स्थल निरीक्षण कर नालों की तली तक सफाई करवाने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को बारिश में जलभराव की परेशानी का सामना न करना पड़े। आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि सफाई व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।

आयुक्त ने विभिन्न योजनाओं की जोनवार जानकारी लेकर समीक्षा की एवं आवश्यक निर्देश अधिकारियों को दिए। आयुक्त ने निदान 1100, मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर कॉल सेंटर, मंत्रियों, सांसदों और विधायकों से प्राप्त आम नागरिकों की समस्याओं से संबंधित आवेदनों का शत-प्रतिशत त्वरित निराकरण प्राथमिकता से सुनिश्चित करने के निर्देश सभी जोन कमिश्नरों को दिए।

आयुक्त संबित मिश्रा द्वारा ली गई टीएल बैठक में नगर निगम अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, पंकज के शर्मा, विनोद पाण्डेय, कृष्णा खटीक, मुख्य अभियंता संजय बागड़े, अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, इमरान खान, नगर निवेशक आभास मिश्रा, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही, उपायुक्तगण, सभी जोन कमिश्नर, कार्यपालन अभियंतागण, जोन स्वास्थ्य अधिकारीगण, जोन सहायक राजस्व अधिकारीगण, सहायक अभियंता एवं उपअभियंतागण उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts