- “धरसींवा की पावन माटी ने मुझे कलाकार से ‘बेटा’ और ‘भाई’ बना दिया”: 50वें जन्मदिन पर भावुक हुए विधायक अनुज शर्मा; उमड़ा जनसैलाब
- अनुज सही मायनों में जनता के महानायक, उन्होंने क्षेत्र की तस्वीर बदली: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय; पर्दे की चकाचौंध छोड़ ‘सेवा और कृतज्ञता’ से मनाया जन्मदिन
- “पर्दे की चकाचौंध से ज्यादा सुकून मुझे आप लोगों के बीच बैठकर चाय पीने और आपकी समस्याओं को सुलझाने में मिलता है। राजनीति मेरे लिए पद नहीं, बल्कि आप सबकी सेवा का माध्यम है” – अनुज शर्मा
रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ी माटी के सपूत, छालीवुड फिल्म इंडस्ट्री के महानायक और पद्मश्री से सम्मानित क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा का 50वां जन्मदिन ऐतिहासिक और सेवा के नए संकल्पों का गवाह बना। उनके जीवन का यह पड़ाव ‘डबल सेलिब्रेशन’ के रूप में तब्दील हो गया, क्योंकि इसी वर्ष उन्होंने छत्तीसगढ़ी सिनेमा में अपने गौरवशाली और सफलतम 25 वर्ष भी पूरे कर लिए हैं। इस दोहरे अवसर को उन्होंने चकाचौंध के बजाय पूरी तरह से ‘सेवा और कृतज्ञता’ को समर्पित किया।
इस गरिमामयी और यादगार समारोह में प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। मुख्यमंत्री ने विधायक अनुज शर्मा को उनके 50वें जन्मदिन और रजत जयंती कला यात्रा पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और दीर्घायु की कामना की।
“अनुज सही मायनों में जनता के महानायक”: मुख्यमंत्री
समारोह को संबोधित करते हुए माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने विधायक अनुज की जमकर सराहना की। मुख्यमंत्री जी ने कहा, “अनुज सही मायनों में जनता के महानायक हैं। आज जिस तरह से विकास कार्यों से प्रभावित होकर सैकड़ों लोगों ने भाजपा पर भरोसा जताया है, वह इस बात का प्रमाण है कि क्षेत्र में विकास की बयार बह रही है। अनुज जी ने विधायक के रूप में इस क्षेत्र की तस्वीर बदली है और संगठन को एक नई मजबूती दी है।” मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “कला के माध्यम से समाज को जोड़ने और अपनी माटी की कहानियों को विश्व पटल पर ले जाने का यह प्रयास अद्भुत है। वे सदैव स्वस्थ रहें और इसी तरह पूरी ऊर्जा के साथ जनता जनार्दन की सेवा में लगे रहें।”
मुख्यमंत्री व जनता का आभार जताते हुए भावुक हुए अनुज शर्मा:
मुख्यमंत्री व जनताजनार्दन का आभार व्यक्त करते हुए महानायक अनुज शर्मा ने बेहद भावुक अंदाज में कहा, “आज मेरे पास शब्द कम हैं और भावनाएं बहुत ज्यादा हैं। जब मैं पीछे मुड़कर इन 25 सालों को देखता हूं, तो मुझे ‘अनुज शर्मा’ एक नाम नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की जनता का दिया हुआ एक आशीर्वाद नजर आता है। लोग कहते हैं कि आज मेरा 50वां जन्मदिन है, मैं आधा शतक पूरा कर चुका हूँ… लेकिन सच कहूँ? मुझे ये 50 साल, साल नहीं लगते; ये तो आप सबके आशीर्वाद की वो अनगिनत बूंदें हैं, जिनसे आज अनुज शर्मा नाम का ये सागर बना है।”
उन्होंने आगे कहा, “एक कलाकार के रूप में आपने मुझे सिर आँखों पर बिठाया, और अब एक विधायक के रूप में अपनी सेवा का जो मौका दिया है, वह मेरे लिए किसी वरदान से कम नहीं है। धरसीवाँ का हर एक घर मेरा अपना घर है, और यहाँ का हर नागरिक मेरा परिवार है। मैंने अपना जीवन रंगमंच और सिनेमा के पर्दे पर शुरू किया। आप लोगों ने मुझे ‘मोर छइयाँ भुइयाँ’ से लेकर आज तक जो प्यार दिया, उसने मुझे एक कलाकार बनाया। पर धरसीवाँ की इस पावन माटी ने मुझे कलाकार से ‘बेटा’ और ‘भाई’ बना दिया। मैं अपनी सफलता अपनी छत्तीसगढ़ महतारी के चरणों में समर्पित करता हूं।”
“जब तक सांस है, धरसींवा की सेवा करता रहूँगा”
विधायक अनुज ने जनता से वादा करते हुए कहा, “जब तक सांस रहेगी, मैं अपनी संस्कृति, अपनी भाषा और अपनी माटी की सेवा करता रहूंगा। आज इस 50वें जन्मदिन पर मैं आपसे वादा करता हूँ—जब तक सांस है, अपनी कला से छत्तीसगढ़ की संस्कृति का मान बढ़ाता रहूँगा और अपने कर्मों से धरसीवाँ की सेवा करता रहूँगा। आपने मुझे जो प्यार दिया है, उसका कर्ज मैं सात जन्मों में भी नहीं उतार सकता।” उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री जी, विशिष्ट अतिथियों, अनुज फैंस क्लब और सभी सहयोगी संस्थाओं के प्रत्येक सदस्य को इस आयोजन को सफल व यादगार बनाने के लिए हृदय से धन्यवाद दिया।
शॉर्ट फिल्म ‘महानायक’ और फिल्म ‘सुहाग’ का ओटीटी लॉन्च-
इस ऐतिहासिक अवसर को और यादगार बनाने के लिए विधायक अनुज शर्मा के जीवन, कड़े संघर्ष और जनसेवा की यात्रा पर आधारित एक विशेष शॉर्ट फिल्म ‘महानायक’ का वीडियो लॉन्च किया गया। इसके साथ ही, दर्शकों की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘सुहाग’ को भी आधिकारिक तौर पर ओटीटी (OTT) प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया गया, जिसे उपस्थित जनसमुदाय और प्रशंसकों ने बेहद सराहा।
“हमर हीरो न.1” के नारों से गूँजा सभागार
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ी संस्कृति की जीवंत झलक और पारंपरिक लोक धुनों के साथ हुई। जैसे ही महानायक अनुज शर्मा मंच पर पहुँचे, पूरा सभागार “हमर हीरो न.1” के नारों और करतल ध्वनि से गूँज उठा। अपने चहेते महानायक की एक झलक पाने और उन्हें बधाई देने के लिए प्रदेश के दूर-दराज के गांवों से हजारों की संख्या में प्रशंसक और आम जनता पहुंचे थे।
सेवा और सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल
जन्मदिन के अवसर पर ‘अनुज फैंस क्लब’ द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा ने सामाजिक जिम्मेदारी की नई मिसाल पेश की। कार्यक्रम के दौरान:
- क्षेत्र के 63 मेधावी छात्रों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए मंच पर सम्मानित किया गया।
- 10 से अधिक दिव्यांगजनों को जीवन को सुगम बनाने के लिए आवश्यक सहायक सामग्री (ट्राइसाइकिल/व्हीलचेयर आदि) का वितरण किया गया।
- समाज निर्माण में अनुकरणीय योगदान देने वाले 60 से अधिक समाज प्रमुखों एवं वरिष्ठजनों का शाल-श्रीफल भेंटकर नागरिक अभिनंदन किया गया।
- विधायक अनुज की कार्यशैली से प्रभावित होकर 25 से अधिक विभिन्न सामाजिक और व्यापारिक संस्थाओं ने मंच पर उनका भव्य स्वागत व अभिनंदन किया।
- इस अवसर पर कक्षा 12 वी में पूरे प्रदेश में पांचवा स्थान प्राप्त करने वाली कु. हेमलता साहू को नगद पुरस्कार सम्मान के साथ-साथ मान. अनुज शर्मा जी के पहल पर औद्योगिक संस्थान सारडा एनर्जी के द्वारा हेमलता के आगे की पूरी पढ़ाई का खर्च उठाने का निर्णय लिया गया।
- औद्योगिक संस्थान सारडा एनर्जी के द्वारा 10.00 लाख रुपए का सोनोग्राफी मशीन क्षेत्र को समर्पित।
विधायक अनुज शर्मा की जनसेवा, विकासपरक सोच और जनता के प्रति समर्पण का असर कार्यक्रम में साफ दिखाई दिया। इस अवसर पर क्षेत्र में एक बड़ा राजनीतिक परिवर्तन देखने को मिला। उक्त कार्यक्रम में आए अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में क्षेत्र के 60 सरपंचों सहित 250 से अधिक सक्रिय कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस व अन्य दलों का दामन छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री और विधायक अनुज शर्मा ने सभी को पार्टी का गमछा पहनाकर भाजपा परिवार में आत्मीय स्वागत कियाकेंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, गुरु ख़ुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल,विधायक रोहित साहू, संपत अग्रवाल,अनुराग सिंह देव, मोना सेन, संदीप साहू, देवेंद्र यादव, राजेश मूणत, सुनील सोनी, नारायण चंदेल सहित राजनीतिक जगत के वरिष्ठ नेताओं, छालीवुड फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज कलाकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और हजारों की संख्या में क्षेत्र की जनता ने हिस्सा लेकर अपने लोकप्रिय विधायक को शुभकामनाएं दीं।







