भानुप्रतापपुर (विश्व परिवार)। कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर में ट्रक फाइनेंस के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि चोला मंडलम फाइनेंस कंपनी के एक मैनेजर ने सेकंड हेंड ट्रक फाइनेंस कराने के नाम पर लाखों रुपए की धोखाधड़ी की है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी ब्रांच मैनेजर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र के हरहरपानी निवासी सुनिता यादव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि मैंने एक सेकंड हैंड ट्रक चोला मंडलम फाइनेंस कंपनी की नारायणपुर ब्रांच मैनेजर संजय भास्कर तिवारी के माध्यम से खरीदा था। ट्रक की कीमत करीब 29 लाख 42 हजार रुपए बताई गई थी। ब्रांच मैनेजर ने 36 लाख रुपए का फाइनेंस कराने और जमानतदार की व्यवस्था करने का झांसा देकर पीड़िता से अलग-अलग तारीखों में 9 लाख 35 हजार 838 रुपए जमा कराए। बाद में जब ट्रक का मूल्यांकन कराया गया तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
पीड़िता को पता चला कि ट्रक का चेचिस नंबर ही मौजूद नहीं है और वाहन का नामांतरण भी उनके नाम पर नहीं किया गया था। शिकायत में यह भी कहा गया है कि वाहन के दस्तावेजों और स्वरूप में कथित रूप से बदलाव कर ठगी की गई। जब पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी ने ट्रक बेचकर रकम लौटाने की बात कही, लेकिन कुछ दिन बाद ट्रक को अपने कब्जे में लेकर चला गया।
मामले की जांच के बाद भानुप्रतापपुर पुलिस ने आरोपी मैनेजर संजय भास्कर तिवारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस तरह की ठगी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।







