रायपुर (विश्व परिवार)। आज नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त संबित मिश्रा ने नगर निगम मुख्यालय महात्मा गांधी सदन के तृतीय तल सभाकक्ष में साप्ताहिक समय सीमा टीएल बैठक लेकर अधिकारियों को विभिन्न आवश्यक विषयों पर कार्य प्रगति की जानकारी लेकर समीक्षा करते हुए निर्देश दिए।
आयुक्त संबित मिश्रा ने सभी जोन कमिश्नरों को वर्षा जल संचय हेतु जोन स्तर पर अपने-अपने जोन में पंजीकृत जियो हाईड्रोलॉजिस्ट के माध्यम से विभिन्न संगठनों के जरिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग अधिकाधिक स्थानों पर करने जनजागरण कर व्यापक रूप से कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।
आयुक्त ने रायपुर जिला मलेरिया विभाग के साथ समन्वय रखकर रायपुर नगर निगम क्षेत्र में वेक्टर जनित रोगों की प्रभावी रोकथाम हेतु जनहित में जनस्वास्थ्य सुरक्षा के लिए आमजन को इसके लक्षणों और बचाव के उपायों की जानकारी देकर जनजागरण अभियान चलाने, सभी जोनों में समस्त वार्डों में मच्छरों की रोकथाम हेतु प्रभावी रूप से एंटी लार्वा फॉगिंग तथा बारिश पूर्व नाले-नालियों की तले तक सफाई अभियान चलाकर सुगम निकास कायम करने के निर्देश सभी जोन कमिश्नरों एवं जोन स्वास्थ्य अधिकारियों को दिए हैं।
आयुक्त ने जोन कमिश्नरों एवं कार्यपालन अभियंताओं को रायपुर नगर निगम क्षेत्र में प्रगतिरत सभी निर्माण एवं विकास कार्यों को समय सीमा के भीतर मॉनिटरिंग कर गुणवत्ता के साथ जनहित में पूर्ण करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
आयुक्त संबित मिश्रा ने कार्यपालन अभियंता जल को नगर निगम रायपुर क्षेत्र में रिक्त शासकीय भूमियों का सर्वे कर व्यवहारिक आवश्यकतानुसार गर्मी में जल संकट दूर करने नए जलागारों के निर्माण का तकनीकी प्रस्ताव सक्षम स्वीकृति हेतु शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं, ताकि प्रस्ताव को शासन को शीघ्र भेजा जा सके और शासन की स्वीकृति अनुसार कार्य शीघ्र करवाया जा सके एवं नागरिकों को जल संकट से राहत मिल सके।
आयुक्त ने सभी पानी टैंकरों में अनिवार्य रूप से जीपीएस शीघ्र लगवाना सुनिश्चित करने निर्देशित किया है। साथ ही वार्डों में सूखे एवं खराब अनुपयोगी हैंडपंपों का सर्वे कर आवश्यक सुधार एवं मरम्मत करवाने के निर्देश दिए हैं।
आयुक्त ने रायपुर जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार नगर निगम रायपुर क्षेत्र में आयुष्मान कार्ड एवं वय वंदन कार्ड से वंचित पात्र हितग्राहियों का स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ समन्वय कर डोर-टू-डोर सर्वे करके कार्ड बनवाने तथा 25 मई 2026 तक 5 दिवसीय विशेष महाभियान में प्राथमिकता से कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
आयुक्त ने छत्तीसगढ़ राज्य नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के निर्देशानुसार जनगणना 2027 के प्रथम चरण हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग जनगणना के दौरान संपत्तिकर अभिलेखों को अद्यतन करने, नवीन संपत्तियों का समावेश करने और कर वसूली सुदृढ़ीकरण संबंधी शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
छत्तीसगढ़ नगर पालिका निगम अधिनियम 1956 के अंतर्गत प्रदत्त कर निर्धारण संबंधी धाराओं के अनुसार यह सुनिश्चित करने निर्देश दिए गए हैं कि नगरीय निकाय क्षेत्र में स्थित प्रत्येक कर योग्य भवन एवं भूमि का विधिवत कर निर्धारण किया गया हो। आयुक्त ने जोन कमिश्नरों एवं सहायक राजस्व अधिकारियों को नगर निगम हित में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार अधिकाधिक राजस्व वसूली पहली प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने निर्देशित किया है।
आयुक्त ने जनगणना 2027 अंतर्गत जनगणना निदेशालय के निर्देशानुसार मकान सूचीकरण अभियान की प्रगति की जानकारी सभी जोन कमिश्नरों से ली एवं समीक्षा करते हुए निर्देशानुसार त्रुटिरहित जनगणना कार्य समय सीमा के भीतर करवाने तथा कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित ड्यूटीरत जनगणना पर्यवेक्षक एवं जनगणना प्रगणक पर विधि अनुरूप कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा द्वारा ली गई साप्ताहिक समय सीमा बैठक में नगर निगम अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, पंकज के. शर्मा, विनोद पाण्डेय, कृष्णा खटीक, मुख्य अभियंता संजय बागडे, अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, इमरान खान, उपायुक्तगण, जोन कमिश्नर, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, कार्यपालन अभियंतागण, सहायक राजस्व अधिकारी, जोन स्वास्थ्य अधिकारी एवं सहायक अभियंताओं की उपस्थिति रही।







