भिलाईनगर (विश्व परिवार)। आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा शहर भर में व्यापक स्तर पर नालों, नहरों एवं जल निकासी मार्गों की सफाई अभियान चलाया जा रहा है। निगम प्रशासन द्वारा बरसात के दौरान जलभराव जैसी समस्याओं से नागरिकों को राहत दिलाने के उद्देश्य से विशेष कार्य योजना बनाकर सभी जोन क्षेत्रों में सफाई कार्य युद्ध स्तर पर कराया जा रहा है।
निगम द्वारा बड़े नालों एवं नहरों की सफाई के लिए चैन एक्सीवेटर मशीनों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे महीनों से जमा गाद, मिट्टी एवं जलकुंभी जैसे खरपतवारों को तेजी से निकाला जा सके। मशीनों की सहायता से गहराई तक सफाई होने से नालों की जल प्रवाह क्षमता में सुधार हो रहा है और बरसात के पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सकेगी। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि कई स्थानों पर नालों में अत्यधिक मात्रा में जलकुंभी एवं कचरा जमा होने के कारण पानी का बहाव प्रभावित हो रहा था। ऐसे स्थानों को चिन्हांकित कर प्राथमिकता के आधार पर सफाई कराई जा रही है। सफाई कार्य पूर्ण होने के बाद बारिश का पानी छोटे नालों से होते हुए बड़े नालों एवं नहरों तक आसानी से पहुंच सकेगा, जिससे शहर में जलभराव की स्थिति निर्मित नहीं होगी।
निगम प्रशासन द्वारा सभी जोन क्षेत्रों में लगातार मॉनिटरिंग करते हुए सफाई कार्य कराया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि नालों में किसी प्रकार की रुकावट न रहे तथा जहां आवश्यकता हो वहां अतिरिक्त मशीनें एवं सफाई कर्मियों की तैनाती की जाए। साथ ही निकाले गए कचरे एवं गाद का तत्काल उठाव भी कराया जा रहा है ताकि दोबारा नालों में अवरोध उत्पन्न न हो। नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे नालों एवं नहरों में कचरा, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री न फेंके। नागरिकों के सहयोग से ही शहर को स्वच्छ और जलभराव मुक्त बनाया जा सकता है। निगम प्रशासन का कहना है कि वर्षा पूर्व तैयारियों के तहत यह अभियान लगातार जारी रहेगा और शहर के सभी प्रमुख नालों, नहरों एवं जल निकासी मार्गों की समय-सीमा में सफाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि बारिश के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।







