भिलाईनगर (विश्व परिवार)। नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने एवं सड़क किनारे किए जा रहे अवैध अतिक्रमण को हटाने लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में निगम की रोका-छेका टीम द्वारा पावर हाउस चौक क्षेत्र में सड़क किनारे अवैध रूप से संचालित फल ठेलों को हटाने की कार्रवाई की गई।
पावर हाउस चौक शहर का व्यस्ततम क्षेत्र होने के कारण यहां दिनभर वाहनों का आवागमन अधिक रहता है। सड़क किनारे फल ठेले एवं अन्य अस्थायी दुकानें लगने से सड़क की चौड़ाई कम हो रही थी तथा यातायात का दबाव बढ़ रहा था। इसे देखते हुए निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क किनारे लगाए गए अवैध ठेलों को हटाया और आवागमन के लिए मार्ग को व्यवस्थित किया। निगम अधिकारियों ने बताया कि सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण के कारण आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी होती है। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए ऐसे स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकतानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।







