भिलाईनगर (विश्व परिवार)। नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र में सेवा ही संकल्प एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत स्वच्छता दीदियों एवं सफाई मित्रों द्वारा तालाबों की विशेष साफ-सफाई का अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत निगम क्षेत्र के विभिन्न तालाबों में जमा कचरा, पूजा सामग्री एवं अन्य अपशिष्ट को निकालकर तालाबों को स्वच्छ एवं साफ रखने का कार्य किया जा रहा है।
त्यौहारी सीजन को देखते हुए तालाबों में पूजा सामग्री एवं निर्माल्य के रूप में जमा होने वाले कचरे की नियमित सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्वच्छता दीदियां तालाबों के आसपास एवं जल क्षेत्र से कचरा एकत्र कर उसका उचित निपटान कर रही हैं, जिससे तालाबों की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित हो सके। इसी क्रम में सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से सफाई मित्रों को स्वच्छता कार्य के दौरान सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया तथा उनके योगदान और सेवाओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। निगम द्वारा नागरिकों से भी अपील की गई है कि तालाबों में कचरा एवं पूजा सामग्री न डालें तथा स्वच्छता अभियान में सहयोग करते हुए तालाबों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाए रखने में अपनी सहभागिता निभाएं।







