रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर स्थित दो प्रमुख संस्थानों, कोलम्बिया प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (CPU) और राज्य वन अनुसंधान संस्थान (SFRTI) रायपुर के बीच वन अपराधों की रोकथाम, वाइल्डलाइफ फॉरेंसिक और हर्बल दवाओं के अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। यह समझौता 26 मई 2026 को आधिकारिक तौर पर संपन्न हुआ।
संस्थानों के मध्य इस शैक्षणिक और तकनीकी समन्वय की रूपरेखा तैयार करने के लिए, SFRTI के उच्चाधिकारियों के एक विशेष दल ने कोलम्बिया प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के परिसर का दौरा (कैंपस विजिट) भी किया था, जिसके बाद इस सहभागिता को अंतिम रूप दिया गया।
इन प्रमुख क्षेत्रों पर केंद्रित रहेगा अनुसंधान
इस समझौते का मुख्य उद्देश्य दोनों संस्थानों की पारस्परिक विशेषज्ञता का लाभ उठाकर वैज्ञानिक अनुसंधान को गति देना है। साझेदारी के तहत मुख्य रूप से निम्नलिखित क्षेत्रों पर काम किया जाएगा:
फॉरेंसिक साइंस: वन्यजीवों से जुड़े अपराधों की जांच (Wildlife Forensics), पर्यावरण फॉरेंसिक और वन अपराध अनुसंधान में वैज्ञानिक सहायता प्रदान करना। इसके साथ ही नशीले पदार्थों (नारकोटिक्स) की जांच और वन कर्मियों के लिए अपराध स्थल प्रबंधन (Crime Scene Management) की ट्रेनिंग आयोजित की जाएगी।
फार्मास्युटिकल साइंसेज: छत्तीसगढ़ के वनों में पाए जाने वाले औषधीय और विषैले पौधों का रासायनिक व औषधीय परीक्षण (Phytochemical & Pharmacological Screening) किया जाएगा। प्राकृतिक उत्पादों की केमिस्ट्री और हर्बल दवाओं के मानकीकरण (Standardization) पर दोनों संस्थान मिलकर शोध करेंगे।
कौशल विकास व क्षमता निर्माण: यूनिवर्सिटी के छात्रों के लिए इंटर्नशिप, शोध प्रबंध (Dissertations) और field ट्रेनिंग की व्यवस्था की जाएगी, जबकि वन विभाग के अधिकारियों और फील्ड स्टाफ के लिए विशेष ओरिएंटेशन और क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
दोनों संस्थानों के वरिष्ठ पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस ऐतिहासिक समझौते पर राज्य वन अनुसंधान संस्थान (SFRTI) के निदेशक व प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF) तपेश कुमार झा (I.F.S. 1989) और कोलम्बिया प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के कुलपति (VC) प्रो. रमन कुमार झा ने हस्ताक्षर किए।
SFRTI की ओर से: निर्मला खेस्स (भा.व.से.), प्रभारी अपर निदेशक डॉ. मनोज कुमार कश्यप, अनु. सहा. एवं प्रभारी जैव विविधता, पारिस्थितिकीय एवं जलवायु परिवर्तन प्रभाग डॉ. राजेश कुमार गुप्ता, अनु. सहा. एवं प्रभारी प्रशिक्षण, विस्तार एवं सूचना प्रौद्योगिकी कोलम्बिया प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (CPU) की ओर से: यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति (Chancellor) किशोर जादवानी, प्रति-कुलाधिपति हरजीत सिंह हूरा, रविंदर सिंह हूरा, डॉ. सुमित श्रीवास्तव, प्रो. शिव शंकर शुक्ला, डॉ. त्रिलोचन सतपथी, फॉरेंसिक साइंस के निदेशक डॉ. एम. पी. गौतम और कोलम्बिया इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी के प्रिंसिपल प्रो. रवींद्र कुमार पांडे।
बौद्धिक संपदा (IPR) और भविष्य की रूपरेखा
इस समझौते के तहत दोनों संस्थान राष्ट्रीय और राज्य स्तर की फंडिंग एजेंसियों के लिए संयुक्त अनुसंधान प्रस्ताव तैयार करेंगे। इसके साथ ही, इस सहभागिता से उत्पन्न होने वाली किसी भी बौद्धिक संपदा (Intellectual Property) और पेटेंट पर दोनों संस्थानों का संयुक्त अधिकार होगा। यह समझौता शुरुआती तौर पर तीन वर्षों के लिए प्रभावी रहेगा।
संस्थान प्रमुखों का संदेश:
निदेशक तपेश कुमार झा (SFRTI) ने कहा कि SFRTI के विषय विशेषज्ञों और वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन में यह समझौता राज्य में वानिकी अनुसंधान और वन अपराधों की वैज्ञानिक विवेचना को एक नई दिशा देगा। वहीं, कुलपति प्रो. रमन कुमार झा (CPU) ने इसे फार्मेसी और फॉरेंसिक साइंस के छात्रों के लिए व्यावहारिक व अनुसंधान आधारित ज्ञान प्राप्त करने का एक उत्कृष्ट अवसर बताया।







