छत्तीसगढ़जगदलपुर 

बस्तर पुलिस की नशे पर बड़ी कार्रवाई, 66 हजार की अफीम के साथ आरोपी दबोचा

जगदलपुर (विश्व परिवार)। बस्तर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 133.3 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति जगदलपुर के गोयलबाड़ी तिराहा के पास अफीम बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी जगदीश चौधरी को पकड़ा।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बरामद पदार्थ को शिलाजीत बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने FSL किट से जांच कराई, जिसमें पदार्थ अफीम पाया गया। आरोपी मूल रूप से राजस्थान के जोधपुर का रहने वाला है और जगदलपुर में किराए के मकान में रहकर नशे का कारोबार कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 66 हजार 500 रुपये कीमत की 133.3 ग्राम अफीम जब्त की है। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 18(B) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। बस्तर पुलिस ने साफ कहा है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts