रायपुर (विश्व परिवार)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा एवं विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक तथा नागरिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आज प्रातः 7:30 बजे से 8:30 बजे तक रायपुर के तेलीबांधा तालाब (मेरिन ड्राइव) के किनारे एक विशाल मानव श्रृंखला का निर्माण किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, विज्ञान सभा के सदस्यों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा शहर के जागरूक नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रहेगी। मानव श्रृंखला के माध्यम से नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण, नए पेड़-पौधे लगाने, लगाए गए पौधों को बचाने और उनका संवर्धन करने, जंगलों की रक्षा करने, जल संरक्षण तथा वायु प्रदूषण को कम करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
विश्व पर्यावरण दिवस प्रतिवर्ष 5 जून को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य लोगों को पर्यावरणीय चुनौतियों के प्रति जागरूक करना तथा प्रकृति के संरक्षण हेतु सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा ने नागरिकों से अपील की है कि वे पर्यावरण संरक्षण को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित एवं सुरक्षित वातावरण के निर्माण में योगदान दें।
“पर्यावरण सुधार और संतुलित विकास के लिए जनभागीदारी आवश्यक है। आइए, हम सब मिलकर प्रकृति के संरक्षण का संकल्प लें।”







