छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर की पॉश कॉलोनी में बड़ी चोरी, कारोबारी के घर से 10 लाख नकद और जेवरात पार

रायपुर (विश्व परिवार)। राजधानी रायपुर के पॉश इलाके खम्हारडीह स्थित गोल्डन होम्स में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात लाखों रुपयों की बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने कारोबारी भरत छाबड़िया के बंगले में धावा बोलकर लाखों का माल पार कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची क्राईम ब्रांच और खम्हारडीह थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, गोल्डन होम्स के गेट नंबर-2 के पास स्थित कारोबारी भरत छाबड़िया के बंगले के बाथरूम की खिड़की तोड़कर चोर घर में दाखिल हुए। वारदात के वक्त कारोबारी भरत छाबड़िया अपने परिवार के साथ घर में ही मौजूद थे। सुबह जब परिवार के सदस्य उठे तो कमरों का सामान बिखरा मिला और अलमारी खुली थी।
परिजनों के अनुसार, चोर करीब 7 से 8 तोला सोने के जेवर, चांदी के जेवरात और लगभग 10 लाख रुपये नगद ले गए। चोरी गए जेवरात की कीमत लाखों में आंकी जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। क्राइम ब्रांच और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस कॉलोनी के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
गोल्डन होम्स जैसी पॉश कॉलोनी में परिवार के मौजूद रहते चोरी होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। कॉलोनीवासियों में दहशत का माहौल है। थाना प्रभारी भावेश गौतम ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जाँच में टीम जुट गई है। अलग-अलग टीमें बनाकर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की जाँच की जा रही है। आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts