रायपुर

“आभार मित्रों का” में गूंजेगी सेवा की गौरवगाथा, तीन राज्यों के रोटेरियन रायपुर में होंगे 7 जून को एकत्र

  • पूर्व प्रांतपाल एवं राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तंखा होंगे मुख्य अतिथि

रायपुर (विश्व परिवार)। रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3261 द्वारा रोटरी वर्ष 2025-26 के समापन अवसर पर एक भव्य एवं गरिमामय सम्मान समारोह “आभार मित्रों का” का आयोजन रविवार, 7 जून 2026 को रायपुर स्थित होटल बेबीलोन कैपिटल में किया जा रहा है। इस समारोह में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा के विभिन्न रोटरी क्लबों से जुड़े 500 से अधिक रोटेरियन भाग लेंगे।
समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व प्रांतपाल एवं राज्यसभा सांसद Vivek Krishna Tankha होंगे। उनकी गरिमामयी उपस्थिति आयोजन को विशेष प्रतिष्ठा प्रदान करेगी।
रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3261 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटे अमित पल्लवी जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित यह समारोह पूरे वर्षभर रोटरी के सात प्रमुख कार्यक्षेत्रों में किए गए उत्कृष्ट सेवा कार्यों, नवाचारों एवं समाजहित में उल्लेखनीय योगदान देने वाले क्लबों एवं रोटेरियन्स को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
डिस्ट्रिक्ट के अंतर्गत आने वाले 100 से अधिक रोटरी क्लबों के अध्यक्षों, सचिवों एवं सदस्यों ने वर्षभर शिक्षा, स्वास्थ्य, मातृ एवं शिशु कल्याण, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, रोग निवारण, सामुदायिक एवं आर्थिक विकास जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय सेवा कार्य किए हैं। इन कार्यों के मूल्यांकन के उपरांत विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए जाएंगे।
यह आयोजन रोटरी क्लब धमतरी के तत्वावधान में संपन्न होगा। कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट की वर्षभर की उपलब्धियों, सेवा परियोजनाओं एवं सदस्यता विकास की सफलताओं का भी प्रस्तुतीकरण किया जाएगा। समारोह रोटरी के मूल मंत्र “Service Above Self” को समर्पित रहेगा।
डिस्ट्रिक्ट मीडिया चेयरमैन रोटे नितिन जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि 6 जून की रात्रि से ही विभिन्न शहरों एवं राज्यों से रोटेरियन्स का रायपुर आगमन प्रारंभ हो जाएगा। कार्यक्रम को सफल एवं यादगार बनाने के लिए पिछले एक माह से व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
समारोह की संपूर्ण पुरस्कार प्रक्रिया एवं आयोजन व्यवस्थाओं का नेतृत्व अवार्ड कमेटी चेयरमैन रोटे दिलीप गोलेचा कर रहे हैं। उनके साथ डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी रोटे सोमनाथ अग्रवाल, रोटे अजित खंडेलवाल, रोटे सुशील रामदास अग्रवाल तथा समर्पित टीम के अन्य सदस्य लगातार समन्वय एवं तैयारियों में जुटे हुए हैं।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट के वरिष्ठ पदाधिकारी, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स, क्लब अध्यक्ष, सचिव एवं बड़ी संख्या में रोटरी सदस्य उपस्थित रहेंगे। आयोजन न केवल सेवा कार्यों का सम्मान करेगा, बल्कि रोटेरियन्स के बीच मित्रता, सहयोग एवं सेवा के मूल्यों को और अधिक सशक्त बनाने का कार्य करेगा।
“आभार मित्रों का” केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि उन सैकड़ों सेवा योद्धाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है जिन्होंने पूरे वर्ष समाज के विभिन्न वर्गों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने हेतु निरंतर कार्य किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts