छत्तीसगढ़रायपुर

सुशासन तिहार शिविर में उमड़ा जनसैलाब, 603 आवेदनों में 259 का मौके पर निराकरण

रायपुर (विश्व परिवार)। सोमवार को रायपुर नगर पालिक निगम जोन क्रमांक 7 अंतर्गत आने वाले सभी 7 वार्डों के लिए पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया।

उक्त शिविर स्थल की व्यवस्था का प्रत्यक्ष अवलोकन रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत और नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे सहित छत्तीसगढ़ राज्य लौह शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, एमआईसी सदस्य भोलाराम साहू, जोन 7 जोन अध्यक्ष श्वेता विश्वकर्मा, पार्षद मीना ठाकुर, आनंद अग्रवाल, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, एसडीएम नंद कुमार चौबे, नगर निगम अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, जोन 7 जोन कमिश्नर अरुण ध्रुव, कार्यपालन अभियंता सुशील मोडेस्टस की उपस्थिति में किया गया। अधिकारियों को सभी स्टालों में पहुंचकर आवश्यक निर्देश दिए गए और आमजनों से चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त सुशासन तिहार शिविर में रायपुर नगर निगम जोन क्रमांक 7 के सभी विभागों सहित रायपुर जिले के विभिन्न 15 से अधिक शासकीय विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। यह रायपुर नगर निगम क्षेत्र में जोनवार लगाए गए सुशासन तिहार शिविरों में अंतिम और दसवां शिविर था।

सुशासन तिहार 2026 शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आमजनों से 521 मांग एवं 82 शिकायत से संबंधित कुल 603 आवेदन प्राप्त किए गए। इनमें 259 आवेदन तत्काल निराकृत किए गए, जबकि शेष आवेदनों को एक माह की समयसीमा के भीतर निराकरण के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित कर कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई। सभी आवेदकों को निराकरण की लिखित सूचना दी जाएगी।

शिविर में आवेदन करते ही प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ देते हुए सकुन बाई यादव, सरस्वती देवदास, उषा चक्रधारी, अगस्या निषाद एवं भुवा साहू को उनके सपनों के आशियाने की चाबी रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत और महापौर मीनल चौबे द्वारा सौंपी गई।

शिविर के माध्यम से बिसाहिन बाई, ममता कोशले, माया फरिकार एवं रौशनी सोनवानी को मुफ्त चिकित्सा हेतु आयुष्मान कार्ड का वितरण किया गया। शिक्षा विभाग के माध्यम से समग्र शिक्षा योजना अंतर्गत 9 वर्षीय रायपुर गुढ़ियारी निवासी चंचल साहू एवं 9 वर्षीय रायपुर कचना निवासी साक्षी साहू को पात्र दिव्यांगजन होने के कारण व्हीलचेयर और स्टिक तत्काल प्रदान की गई।

शिविर स्थल पर आने वाले कुल 157 नागरिकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही कुल 6 लोगों का ऑन-द-स्पॉट ई-श्रमिक कार्ड बनाया गया। परिवहन विभाग द्वारा कुल 18 लोगों के लर्निंग लाइसेंस बनाए गए। शिविर स्थल पर आधार कार्ड अपडेट करने एवं नए आधार कार्ड बनाने के तहत कुल 15 नागरिकों के आधार संबंधी कार्य किए गए।

रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत ने कहा कि अधिकारी सुशासन तिहार में आए सभी आवेदनों की सूची बनाकर उनका समयसीमा में निराकरण करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर राज्य शासन द्वारा लगाया गया सुशासन तिहार शिविर आमजनों के लिए काफी उपयोगी रहा और सरकार ने लोगों के कार्य तत्काल शिविर में करवाए। शासन की योजनाओं की समीक्षा की गई और पात्र लोगों को त्वरित लाभ दिलाया गया। राजेश मूणत ने सुशासन तिहार शिविर के सफल आयोजन हेतु रायपुर नगर निगम, जिला प्रशासन एवं राज्य शासन को धन्यवाद दिया।

महापौर मीनल चौबे ने कहा कि जो नागरिक सुशासन तिहार शिविर में आए, उनके कार्य मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर अधिकारियों ने किए हैं। इसके लिए राज्य शासन, जिला प्रशासन और नगर निगम रायपुर के अधिकारी एवं कर्मचारी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार शिविर लगाकर आमजनों के कार्य आगे भी निरंतर किए जाने चाहिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts