रायपुर (विश्व परिवार)। मालवीय रोड स्थित ऐतिहासिक श्री आदिनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर (लघु तीर्थ) में विगत 10 दिनों से चल रहे ‘ग्रीष्मकालीन श्रमण संस्कृति संस्कार शिक्षण शिविर’ का समापन बुधवार को अत्यंत भव्य, आध्यात्मिक और उत्साहवर्धक माहौल में पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र वितरण समारोह के साथ हुआ। संत शिरोमणि आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज की पावन प्रेरणा और श्री दिगंबर जैन श्रमण संस्कृति संस्थान, सांगानेर (जयपुर) के सानिध्य में आयोजित इस शिविर के अंतिम दिन सभी संभागियों के चेहरों पर धर्म ज्ञान प्राप्त करने का विशेष संतोष और खुशी नजर आई।
समारोह को संबोधित करते हुए बड़ा मंदिर के कार्यवाहक मैनेजिंग ट्रस्टी सनत जैन ने कहा कि इस 10 दिवसीय शिविर की सबसे बड़ी उपलब्धि इसका कड़ा अनुशासन रही। सुबह 7 बजे के अभिषेक-शांतिधारा सत्र से लेकर रात्रि की कक्षाओं तक सभी शिविरार्थियों ने समय का विशेष ध्यान रखा। उन्होंने आगे कहा कि बड़ा मंदिर में कई वर्षों से प्रतिवर्ष इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य समाज में धार्मिक-आध्यात्मिक संस्कारों के साथ-साथ जैन धर्म की क्रियाओं का सूक्ष्म एवं शुद्ध ज्ञान हर पीढ़ी तक पहुंचाना है। इस अवसर पर सनत जैन ने शिविर में हिस्सा लेने वाले सभी बच्चों, युवाओं, पुरुषों एवं विशेषकर मातृशक्ति का आभार व्यक्त किया।
शिविर के सफल संचालन के लिए सांगानेर (जयपुर) से आए विषय विशेषज्ञ प्रतिष्ठित विद्वान अभिषेक जैन शास्त्री “आयांश”, विद्वान शरद जैन शास्त्री एवं रायपुर के विद्वान सौरभ जैन शास्त्री जी का बड़ा मंदिर ट्रस्ट एवं कार्यसमिति द्वारा मंगलाचरण के बीच शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भावभीना सम्मान व बहुमान किया गया। इसके पश्चात विगत दिनों आयोजित हुई परीक्षा के परिणामों के आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी बच्चों, बालिकाओं, युवाओं और महिलाओं को विशेष पुरस्कार व योग्यता प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
इस समापन सत्र में रायपुर जैन समाज की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों ने शिरकत की। कार्यक्रम में विशेष रूप से टैगोर नगर जैन मंदिर के अध्यक्ष संदीप जैन, सचिव आलोक जैन, शंकर नगर मंदिर से प्रदीप जैन (विश्वपरिवार), जैन समाज के सम्मानीय वरिष्ठ सदस्य देव कुमार जैन, मैनेजिंग ट्रस्टी सनत कुमार जैन, ट्रस्टी प्रभात जैन, ट्रस्टी संजय जैन (प्रेमी परिवार), ट्रस्टी भरत जैन (भोरावत), बड़ा मंदिर कार्यसमिति सदस्य नीरज जैन, श्रद्धेय जैन, दिलीप जैन, सुनील जैन, सुजीत जैन, पूर्व अध्यक्ष संजय जैन (नायक), प्रणीत जैन, विजय जैन, महावीर जैन शामिल हुए। साथ ही मातृशक्ति का प्रतिनिधित्व करते हुए महिला मंडल से संध्या जैन, शालिनी जैन, ममता जैन, मोतीरानी जैन, आभा जैन के साथ बहुत बड़ी संख्या में शिविरार्थी बच्चे, महिलाएं और श्रद्धालु उपस्थित थे। ट्रस्ट की ओर से सभी के लिए सात्विक स्वल्पाहार की व्यवस्था के साथ कार्यक्रम का सानंद समापन हुआ।
श्री दिगम्बर जैन पंचायत के ट्रस्टी श्री संजय जैन सतना ने आयोजन की सफलता पर सभी का आभार प्रदर्शन किया ।








