देशनई दिल्ली

भारत इनोवेट्स 2026: IIT मद्रास और IITM ग्लोबल ने करीब 100 मिलियन डॉलर के समझौतों पर किए हस्ताक्षर

नई दिल्ली (विश्व परिवार)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास (IIT Madras) और IITM Global ने फ्रांस के नीस शहर में आयोजित ‘भारत इनोवेट्स 2026’ के पहले दिन सात वाणिज्यिक और दो संस्थागत समझौता ज्ञापनों (MoU) का आदान-प्रदान किया। संस्थान के अनुसार, इन समझौतों से लगभग 100 मिलियन डॉलर के आर्थिक मूल्य सृजन की संभावना है।
IIT मद्रास की ओर से जारी बयान के मुताबिक, सात वाणिज्यिक समझौते भारतीय डीप-टेक स्टार्टअप्स को मुख्य रूप से फ्रांस सहित अंतरराष्ट्रीय भागीदारों से जोड़ते हैं, जबकि दो संस्थागत समझौते वैश्विक बाजारों तक पहुंच, निवेश और नवाचार को गति देने के उद्देश्य से किए गए हैं।
IIT मद्रास के निदेशक प्रोफेसर वी. कामकोटी ने कहा, “भारत इनोवेट्स 2026 भारतीय डीप-टेक क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक अवसर साबित हुआ है। ये समझौते केवल औपचारिक दस्तावेज नहीं हैं, बल्कि व्यावसायिक रूप से क्रियान्वित किए जा सकने वाले और मजबूत वित्तीय प्रतिबद्धताओं से समर्थित समझौते हैं। भारत के प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थानों ने दिखाया है कि भारतीय नवाचार वैश्विक मंच पर नेतृत्व करने के लिए तैयार है।”
IIT मद्रास के इंडस्ट्रियल कंसल्टेंसी एंड स्पॉन्सर्ड रिसर्च डीन प्रोफेसर मनु संथानम ने कहा कि ये साझेदारियां वैज्ञानिक उत्कृष्टता को सीमा-पार आर्थिक मूल्य में बदलने का उदाहरण हैं।
एक समझौते के तहत IITM Global और Agna Capital ने मिलकर ‘भारत इनोवेट्स फंड’ स्थापित करने का निर्णय लिया है, जिसका उद्देश्य उच्च क्षमता वाले डीप-टेक स्टार्टअप्स में निवेश को बढ़ावा देना है।
इसके अलावा, IITM Global और SouthwestX के बीच हुई साझेदारी भारतीय स्टार्टअप्स को जर्मनी और फ्रांस जैसे बड़े यूरोपीय बाजारों तक पहुंच और विस्तार में मदद करेगी।
समझौतों के साथ-साथ IIT मद्रास ने अपने अनुसंधान समूहों और स्टार्टअप इकोसिस्टम द्वारा विकसित कई अत्याधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन भी किया। इनमें हाइपरलूप परिवहन प्रणाली, 5G और 6G संचार तकनीक, पोर्ट ऑटोमेशन, लैब-ग्रोन डायमंड तकनीक और ऊर्जा दक्ष स्वदेशी कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) प्रणालियां शामिल रहीं।
कार्यक्रम में यूरोपीय संघ के उद्योग जगत, शिक्षाविदों, निवेशकों और सरकारी प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। इससे IIT मद्रास और IITM Global के साथ अनुसंधान, नवाचार, उद्यमिता, कौशल विकास और बाजार विस्तार के क्षेत्रों में भविष्य में और अधिक सहयोग की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts