नई दिल्ली (विश्व परिवार)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मयूरभंज में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार का स्पष्ट विजन है कि पूर्वी भारत के विकास से ही भारत का विकास होगा। उन्होंने कहा कि इसी सोच के तहत सरकार ‘पूर्वोदय’ नीति पर काम कर रही है और पूर्वी भारत को विकास का नया केंद्र बनाया जा रहा है।
‘पूर्वोदय’ नीति से बदल रही पूर्वी भारत की तस्वीर
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जिस पूर्वी भारत को कांग्रेस शासन के दौरान पिछड़ेपन का पर्याय बना दिया गया था, आज वही क्षेत्र देश की प्रगति का प्रवेश द्वार बन रहा है। उन्होंने कहा कि ओडिशा इस सकारात्मक बदलाव का प्रत्यक्ष साक्षी है। उन्होंने ओडिशा की भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर राज्य की जनता को बधाई देते हुए कहा कि मयूरभंज आना और बड़ी संख्या में लोगों का स्नेह प्राप्त करना उनके लिए विशेष अवसर है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के कारण विकास की गति और तेज हुई है।
पंडित रघुनाथ मुर्मु के योगदान को किया याद
पीएम मोदी ने संथाली भाषा के लिए ‘ओल चिकी’ लिपि विकसित करने वाले पंडित रघुनाथ मुर्मु को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने संथाली भाषा में भारत के संविधान को उपलब्ध कराया है और ओडिशा की अनेक विभूतियों को पद्म सम्मान से सम्मानित किया है। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में ओडिशा सरकार भी राज्य की महान विभूतियों के सपनों को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को जन्मदिन की शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम में मौजूद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मयूरभंज की धरती पर पली-बढ़ी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन होकर राष्ट्र का मार्गदर्शन कर रही हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, “मैं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। उनके दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।”
‘ओडिशा की बेटी ने बढ़ाया पूरे राज्य का गौरव’
पीएम मोदी ने कहा कि ओडिशा की बेटी आज देश के सर्वोच्च पद पर पहुंची है, जो पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के उदार व्यक्तित्व, सहृदय स्वभाव और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण ने न केवल मयूरभंज बल्कि पूरे ओडिशा की पहचान को मजबूत किया है।
47 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
प्रधानमंत्री ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान ओडिशा के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। इन परियोजनाओं पर लगभग 47 हजार करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, रेलवे और शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी इन परियोजनाओं से राज्य के लोगों को व्यापक लाभ मिलेगा और विकास को नई गति मिलेगी।
पहाड़पुर बनेगा सोलर विलेज
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि पहाड़पुर गांव को तेजी से सोलर विलेज के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके तहत गांव के हर घर तक सौर ऊर्जा की सुविधा पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कोणार्क सूर्य मंदिर ओडिशा की विशेष पहचान है, उसी तरह पहाड़पुर भी सोलर विलेज के रूप में नई पहचान बनाएगा। इससे ग्रामीणों को मुफ्त बिजली मिलेगी और अतिरिक्त बिजली बेचकर आय अर्जित करने का अवसर भी प्राप्त होगा।
2036 और 2047 के लक्ष्यों पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले वर्षों में ओडिशा और देश के सामने दो महत्वपूर्ण पड़ाव हैं। वर्ष 2036 में ओडिशा के गठन के 100 वर्ष पूरे होंगे, जबकि 2047 में भारत अपनी स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे करेगा। उन्होंने कहा कि ओडिशा और भारत के विकास का लक्ष्य एक-दूसरे से जुड़ा हुआ है। ओडिशा की अर्थव्यवस्था जितनी मजबूत होगी, भारत भी उतना ही मजबूत बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य की क्षमता और जनता के सहयोग से ओडिशा विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।







