रायपुर (विश्व परिवार)। कोलंबिया प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी रायपुर की एनएसएस इकाई द्वारा विश्वविद्यालय की विभिन्न संकायों के प्रतिनिधियों के सक्रिय सहयोग से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर विश्वविद्यालय ऑडिटोरियम में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों में योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक संतुलन एवं समग्र विकास के प्रति जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया, जिसके बाद अतिथियों का स्वागत एवं कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि परम आदरणीय गुरुजी, किशोर जादवानी चांसलर कोलंबिया प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, प्रो. (डॉ.) रमण कुमार झा, कुलपति तथा विश्वविद्यालय के अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनमें डॉ. सुमित श्रीवास्तव प्रो वाइस चांसलर, प्रो. शिव शंकर शुक्ला रजिस्ट्रार, डॉ. सुरेन्द्र कुमार सराफ, डॉ. आनंद श्रीवास्तव एवं डॉ. शेफाली चरण प्राचार्य कोलंबिया कॉलेज ऑफ नर्सिंग शामिल रहे। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ संकाय सदस्य, कर्मचारी तथा विद्यार्थी भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) रमण कुमार झा ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य प्राप्त करने का प्रभावी माध्यम है। किशोर जादवानी ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से संतुलित एवं जीवन को बेहतर बनाने में सहायक है। उन्होंने विद्यार्थियों को योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण परम आदरणीय गुरुजी का योग सत्र एवं मार्गदर्शन रहा, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया तथा विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। अपने उद्बोधन में गुरुजी ने मन और शरीर के बीच संतुलन बनाए रखने के महत्व को समझाया तथा बताया कि योग मानसिक शांति, शारीरिक स्वास्थ्य और समग्र व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने योग के नियमित अभ्यास से बेहतर एवं स्वस्थ भविष्य निर्माण पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वय एनएसएस समन्वयकों सागर साहू, प्रहलाद चौधरी, मनोज वर्मा एवं राहुल जॉर्ज तथा एनएसएस स्वयंसेवकों के सक्रिय सहयोग से किया गया। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन डॉ. अरुण कुमार दुबे द्वारा किया गया तथा मंच संचालन सुश्री अंजलि वर्मा ने किया। यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों एवं विश्वविद्यालय परिवार की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।







