रायपुर (विश्व परिवार)। पत्रकार कल्याण की दिशा में लगातार प्रयासरत रायपुर प्रेस क्लब ने अपने सदस्यों के हित में एक और महत्वपूर्ण पहल की है। अब रायपुर प्रेस क्लब के अधिकृत पत्रकार सदस्यों को महाराष्ट्र मंडल के भवनों की बुकिंग पर 25 प्रतिशत की विशेष छूट प्राप्त होगी।
रायपुर प्रेस क्लब द्वारा पत्रकारों को विवाह, पारिवारिक समारोहों एवं अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए भवन बुकिंग में रियायत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न संस्थाओं से संपर्क कर प्रस्ताव भेजे गए थे। इसी क्रम में शहर के हृदय स्थल में संचालित प्रसिद्ध महाराष्ट्र मंडल ने प्रेस क्लब के प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए अपने भवनों की बुकिंग पर प्रेस क्लब के अधिकृत सदस्यों को 25 प्रतिशत की छूट प्रदान करने का निर्णय लिया है।
इस संबंध में महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले जी की ओर से जारी सहमति पत्र महाराष्ट्र मंडल के प्रतिनिधियों रविंद्र ठेंगड़ी एवं कुणाल मिश्रा ने रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी को सौंपा।
निर्णय के अनुसार, रायपुर प्रेस क्लब द्वारा जारी अनुशंसा पत्र के आधार पर पात्र पत्रकार सदस्य महाराष्ट्र मंडल में भवन बुकिंग पर निर्धारित रियायत का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
रायपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारी गण महासचिव गौरव शर्मा उपाध्यक्ष दिलीप साहू कोषाध्यक्षदिनेश यदु संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े ने महाराष्ट्र मंडल का आभार व्यक्त किया है
रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने महाराष्ट्र मंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रेस क्लब पत्रकारों के सामाजिक एवं पारिवारिक हितों को ध्यान में रखते हुए लगातार कल्याणकारी पहल कर रहा है। भविष्य में भी पत्रकारों को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास जारी रहेंगे।
इस अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, वरिष्ठ पत्रकार विजय मिश्रा, गिरीश केसरवानी, शंभू राही, अजय श्रीवास्तव एवं जगजीत सिंह उपस्थित रहे।







