रायपुर (विश्व परिवार)। कलिंगा विश्वविद्यालय, नया रायपुर में विश्व फार्मासिस्ट दिवस 2026 के अवसर पर शैक्षणिक, रचनात्मक और जागरूकता आधारित छह गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “एक स्वस्थ कल के लिए- सभी के लिए सुरक्षित एवं प्रभावी दवाएं” रही, जबकि अभियान का संदेश “रचनात्मक बनें, जागरूकता फैलाएं, AMR से लड़ें” रखा गया। कार्यक्रम का उद्देश्य एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) के प्रति जागरूकता बढ़ाने और दवाओं के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग को प्रोत्साहित करना रहा।
आयोजन में साइटून्स, पोस्टर प्रस्तुति, फार्मा-क्विज, लीफलेट निर्माण, नुक्कड़ नाटक और रील मेकिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें डिप्लोमा, बी.फार्म, एम.फार्म और फार्म.डी पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने फार्मास्युटिकल ज्ञान के साथ रचनात्मकता, संचार कौशल, टीमवर्क और जनस्वास्थ्य जागरूकता का प्रदर्शन किया।
साइटून्स प्रतियोगिता में AMR विषय पर रचनात्मक कार्टून प्रस्तुत किए गए। इसमें श्रेया सोनी ने प्रथम, रुद्रांश चंद्राकर ने द्वितीय तथा निकिता कुमार और सोनाली साहू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के समन्वयक डॉ. संदीप कुमार मिश्रा और प्रांजुल श्रीवास्तव रहे।
फार्मा-क्विज प्रतियोगिता में लिखित एमसीक्यू, केस स्टडी, रैपिड फायर, बजर और ऑडियो-विजुअल राउंड शामिल रहे। सुनील साहू, साकेत अग्रवाल और समीर बिस्वास की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। अनिल कुमार, आयुष कुमार और संदीप कुमार मौर्य की टीम दूसरे तथा प्रकाश कुमार, निकिता साहू और नयन आर्य की टीम तीसरे स्थान पर रही।
लीफलेट निर्माण प्रतियोगिता में हिंदी, अंग्रेजी और छत्तीसगढ़ी भाषाओं में मरीजों के लिए सरल एवं उपयोगी स्वास्थ्य सामग्री तैयार की गई। फार्म.डी चतुर्थ वर्ष की संजना को समग्र विजेता घोषित किया गया।
नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता के माध्यम से दवाओं के जिम्मेदार उपयोग और AMR के खतरों के बारे में जागरूकता संदेश दिया गया। विजेता समूह में प्रकाश कुमार, सबिता गुप्ता, नयन कुमार, मोहम्मद शारिक, निकिता कुमारी, काजल बैद्य और रिया शामिल रहे।
वहीं रील मेकिंग प्रतियोगिता में डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से जनस्वास्थ्य शिक्षा पर जोर दिया गया। “इंटरनेशनल पेशेंट सेफ्टी गोल्स” विषय पर तैयार रील ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसे प्रकाश कुमार और नयन कुमार ने तैयार किया था।
कार्यक्रम का आयोजन कलिंगा विश्वविद्यालय के फार्मेसी संकाय के प्राचार्य डॉ. संदीप प्रसाद तिवारी और इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी के प्राचार्य डॉ. एल. श्रीकांत के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में हुआ। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं प्रभावी दवाओं, मरीजों की सुरक्षा, जिम्मेदार दवा उपयोग और एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के प्रति जागरूकता बढ़ाने का मंच मिला।







