छत्तीसगढ़रायपुर

CGHB का नया लोगो होगा लॉन्च, आवास मेला-2025 के विजेताओं को मिलेंगे कार, बाइक समेत आकर्षक उपहार

रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल (CGHB) द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय आवास मेला-2025 के अंतर्गत खरीदारों के लिए आयोजित लकी ड्रॉ के विजेताओं को 26 जून को उपहार वितरित किए जाएंगे। इसके साथ ही मंडल के नए लोगो का भी विमोचन किया जाएगा। कार्यक्रम न्यू सर्किट हाउस परिसर, नया रायपुर अटल नगर में दोपहर 1:30 बजे आयोजित होगा।
गृह निर्माण मंडल के अनुसार, 23 नवंबर 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक आयोजित आवास मेला-2025 के दौरान विभिन्न आवासीय एवं व्यावसायिक योजनाओं में पंजीयन कराने वाले हितग्राहियों के लिए 22 जून 2026 को लकी ड्रॉ निकाला गया था। चयनित विजेताओं को मारुति स्विफ्ट कार, होंडा शाइन बाइक, होंडा एक्टिवा स्कूटी, वॉशिंग मशीन, रेफ्रिजरेटर (फ्रिज), टेलीविजन सहित अन्य आकर्षक उपहार प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी तथा छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव की विशेष उपस्थिति रहेगी।
इस अवसर पर मंडल के नए लोगो का विमोचन भी किया जाएगा। साथ ही आवास मेला-2025 के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिता के विजेता रचनाकार को 2.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम के बाद दोपहर 3 बजे आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे। गृह निर्माण मंडल ने हितग्राहियों, जनप्रतिनिधियों और मीडिया प्रतिनिधियों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts