छत्तीसगढ़राजनंदगांव

अटल आवास में मकान दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, फर्जी निगम कर्मचारी गिरफ्तार

राजनांदगांव (विश्व परिवार)। अटल आवास और हाउसिंग बोर्ड में मकान दिलाने का सपना दिखाकर लोगों से लाखों रुपये ऐंठने वाले एक शातिर ठग को आखिरकार पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपी खुद को नगर निगम का बाबू बताता था और अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से गहरी पहुंच होने का दावा कर बेरोजगारों और जरूरतमंद लोगों को अपने झांसे में फंसाता था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने कई लोगों से 8 लाख 17 हजार रुपये वसूले थे।
जानकारी के अनुसार बसंतपुर थाना क्षेत्र के प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दिसंबर 2024 में वह अपने मित्र के साथ अटल आवास योजना के तहत मकान की जानकारी लेने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात योगेश्वर पाण्डे उर्फ सोनू पाण्डे से हुई। आरोपी ने खुद को नगर निगम राजनांदगांव का कर्मचारी बताते हुए भरोसा दिलाया कि उसकी बड़े अधिकारियों और नेताओं तक सीधी पहुंच है और वह आसानी से मकान आवंटित करवा सकता है।
लंबे समय तक मकान नहीं मिलने पर हुआ ठगी का एहसास
विश्वास जीतने के लिए आरोपी लोगों को निर्माणाधीन मकान भी दिखाता था और फाइल आगे बढ़ाने तथा आवंटन सुनिश्चित कराने के नाम पर रकम लेता रहा। धीरे-धीरे कई लोग उसके झांसे में आ गए और लाखों रुपये उसके हवाले कर दिए। जब लंबे समय तक न मकान मिला और न ही पैसा वापस हुआ तो पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ।
पुलिस की अपील – किसी के झांसे में न आएं
मामले की गंभीरता को देखते हुए बसंतपुर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लगातार जुटी रही। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने लोगों से रकम लेने की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। यह मामला एक बार फिर बताता है कि सरकारी योजनाओं में लाभ दिलाने के नाम पर सक्रिय ठग किस तरह लोगों की जरूरत और भरोसे का फायदा उठा रहे हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के झांसे में आकर बिना वैधानिक प्रक्रिया के पैसा न दें और संदेहास्पद गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को दें।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts