- “तंज पड़ा भारी! विधायक पुरंदर मिश्रा ने हेल्थ चेकअप कराकर कांग्रेस को दिया करारा जवाब”
- कांग्रेस के तंज का विधायक पुरंदर मिश्रा ने मुस्कुराकर दिया जवाब, जगन्नाथ मंदिर परिसर में कराया अपना स्वास्थ्य परीक्षण
रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर नगर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा द्वारा प्रत्येक शनिवार सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक जगन्नाथ मंदिर परिसर में आम नागरिकों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श शिविर का नियमित आयोजन कराया जाता है। इसी क्रम में आज विधायक पुरंदर मिश्रा स्वयं भी शिविर में पहुंचे और चिकित्सकों से अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
इस दौरान विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराना हर व्यक्ति के लिए आवश्यक है। इसी उद्देश्य से उन्होंने इस नि:शुल्क हेल्थ चेकअप शिविर की शुरुआत की, ताकि आम नागरिकों को बिना किसी शुल्क के बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और विशेषज्ञ चिकित्सकों का परामर्श मिल सके।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पूर्व कांग्रेस पार्टी के कुछ नेताओं द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से विधायक पुरंदर मिश्रा के स्वास्थ्य को लेकर टिप्पणी की गई थी। आज उसी का जवाब उन्होंने बिना किसी कटुता के, अपने कार्यों के माध्यम से दिया।
इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा, “मेरा स्वास्थ्य पूरी तरह ठीक है। आज मैंने भी उसी नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में अपना चेकअप कराया, जो प्रत्येक शनिवार जनता की सेवा के लिए आयोजित कराया जाता है। यदि कांग्रेस पार्टी के किसी नेता का स्वास्थ्य ठीक नहीं है या उन्हें स्वास्थ्य संबंधी कोई परेशानी है, तो वे भी इस शिविर में आकर नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ ले सकते हैं। यह सेवा किसी दल या विचारधारा के लिए नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति के लिए है।”
उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल बयानबाजी नहीं, बल्कि जनसेवा होना चाहिए। जनता के स्वास्थ्य, शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं के लिए कार्य करना ही जनप्रतिनिधि का वास्तविक दायित्व है।
विधायक ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे प्रत्येक शनिवार आयोजित इस जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की नियमित जांच अवश्य कराएं।








