रायपुर (विश्व परिवार)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आज से दो दिवसीय ‘चिंतन शिविर 3.0’ का आयोजन शुरू होगा. आईआईएम रायपुर में आयोजित इस शिविर में पूरा मंत्रिमंडल शामिल होगा, जहां विकसित छत्तीसगढ़ के विज़न को नई दिशा देने के उद्देश्य से सुशासन, नीति निर्माण, नवाचार, नेतृत्व और परिणाम आधारित प्रशासन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन किया जाएगा. शिविर के दौरान कृषि, उद्योग, निवेश, पर्यटन, खेल, टेक्नोलॉजी और जनसेवा से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के लिए नई रणनीतियां तैयार की जाएंगी. राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ मंत्रियों को सुशासन, भविष्य की चुनौतियों और प्रभावी प्रशासन के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन देंगे. इनमें गौर गोपाल दास, अभय करंदीकर और डॉ. रमेश चंद सहित कई विशेषज्ञ शामिल हैं. दूसरे दिन योग सत्र के साथ पर्यटन, सार्वजनिक नीति, नेतृत्व और सुशासन पर विशेष व्याख्यान आयोजित होंगे. शिविर का मुख्य फोकस विभागों के बीच बेहतर समन्वय, त्वरित निर्णय प्रक्रिया और नागरिक-केंद्रित प्रशासन को मजबूत करना रहेगा. इसके माध्यम से सरकार पारदर्शी, जवाबदेह, संवेदनशील और परिणामोन्मुखी कार्यसंस्कृति को और सशक्त बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है।







