छत्तीसगढ़मनेन्द्रगढ़

एल्डरमैन नियुक्ति पर भाजपा में बवाल, कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष के खिलाफ की नारेबाजी

मनेन्द्रगढ़ (विश्व परिवार)। भरतपुर-सोनहत भाजपा में एल्डरमैन नियुक्तियों को लेकर असंतोष खुलकर सामने आया। जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान मनेन्द्रगढ़ स्थित सांस्कृतिक भवन (दुर्गा पंडाल) के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया और पार्टी जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले के खिलाफ नारेबाजी की।
एल्डरमैन की सूची जारी होने के बाद नाराज कार्यकर्ताओं ने “चंपा तेरी तानाशाही नहीं चलेगी” और “मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि एल्डरमैन नियुक्तियों में जमीनी स्तर पर वर्षों से काम कर रहे स्थानीय कार्यकर्ताओं की पूरी तरह अनदेखी की गई है। सूची में ऐसे लोगों को जगह दी गई है, जो संबंधित क्षेत्र के मतदाता तक नहीं हैं।
स्थानीय कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप
कार्यकर्ताओं ने नियुक्तियों में पक्षपात और मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के समर्पित स्थानीय कार्यकर्ताओं की उपेक्षा से संगठन में भारी नाराजगी है। उन्होंने नियुक्तियों की समीक्षा कर स्थानीय और सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने की मांग की।
प्रदर्शन में ये भाजपाई रहे शामिल
प्रदर्शन में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष एवं वर्तमान पार्षद धीरेंद्र विश्वकर्मा, पार्षद इरशाद अहमद, जितेंद्र गुप्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष विनोद गुप्ता समेत हसदेव मंडल के झगराखंड, लेदरी और खोंगापानी क्षेत्र के सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे। हालांकि, इस पूरे मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले की अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts