देशनई दिल्लीविदेश

पीएम मोदी ने इस्ताना मर्डेका में गेस्टबुक पर किए हस्ताक्षर

नई दिल्ली (विश्व परिवार)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को इंडोनेशिया के राष्ट्रपति भवन इस्ताना मर्डेका में गेस्टबुक पर हस्ताक्षर किए। इसके तुरंत बाद उन्होंने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं के बीच हुई इस अहम बैठक में ऊर्जा, व्यापार, समुद्री सहयोग, रक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों, खाद्य सुरक्षा और डिजिटल अर्थव्यवस्था जैसे क्षेत्रों में सहयोग को नई गति देने पर चर्चा हुई। बैठक में 2018 में स्थापित भारत-इंडोनेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा भी की गई।
भव्य स्वागत और गर्मजोशी
बैठक से पहले इस्ताना मर्डेका पहुंचते समय प्रधानमंत्री मोदी का स्कूली बच्चों ने भव्य स्वागत किया। बच्चों ने हाथों में भारत और इंडोनेशिया के राष्ट्रीय झंडे लेकर उनका अभिवादन किया। राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने गर्मजोशी से स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री मोदी को गले लगाया। इसके बाद दोनों देशों के राष्ट्रगान बजाए गए।
प्रधानमंत्री मोदी ने भव्य स्वागत के लिए X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर राष्ट्रपति सुबियांतो का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने लिखा: “इस्ताना मर्डेका में गर्मजोशी से स्वागत के लिए धन्यवाद! राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो।”
एयरपोर्ट पर व्यक्तिगत स्वागत
इससे पहले सोमवार को जकार्ता पहुंचने पर राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो खुद एयरपोर्ट पहुंचकर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया था। पीएम मोदी ने इस राजनयिक कदम की सराहना करते हुए कहा कि वे राष्ट्रपति के स्वागत से “बहुत प्रभावित” हुए हैं।
वहीं विदेश मंत्रालय ने इस यात्रा को दोनों देशों के बीच गहरे विश्वास, साझा मूल्यों और मित्रता को और मजबूत करने वाला बताया है। गौरतलब हो, यह प्रधानमंत्री मोदी की इंडोनेशिया की चौथी यात्रा है, लेकिन 2018 में ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ स्थापित होने के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय आधिकारिक यात्रा है।
ज्ञात हो, पीएम मोदी इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड के तीन देशों के दौरे पर हैं। इस यात्रा से भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में मजबूत उपस्थिति को और बल मिलने की उम्मीद है। (इनपुट-एजेंसी)

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts