छत्तीसगढ़रायपुर

राजस्व विभाग के उत्कृष्ट अधिकारियों एवं कर्मचारियों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित

  • जीआईएस आधारित डिजिटल राजस्व प्रणाली एवं नवाचारों से रायपुर नगर निगम ने बनाई नई पहचान

रायपुर (विश्व परिवार)। नगर पालिक निगम रायपुर के राजस्व विभाग द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में भव्य “राजस्व सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। समारोह में सभापति सूर्यकांत राठौड़, राजस्व विभाग के भारसाधक अवतार सिंह बागल, आयुक्त संबित मिश्रा, अपर आयुक्त, उपायुक्त, वरिष्ठ अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मान करते हुए पूरे विभाग को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं स्वागत वंदन के साथ हुआ। इसके पश्चात उपायुक्त (राजस्व) द्वारा कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। राजस्व विभाग की उपलब्धियों पर रंजीत रंजन द्वारा विस्तृत प्रस्तुति दी गई, जिसमें बताया गया कि रायपुर नगर निगम ने जीआईएस आधारित ऑनलाइन संपत्तिकर प्रणाली को सफलतापूर्वक लागू कर देश के अग्रणी नगरीय निकायों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। ड्रोन आधारित जीआईएस सर्वेक्षण के माध्यम से पूरे शहर का वैज्ञानिक मानचित्रण किया गया, प्रत्येक संपत्ति को यूनिक आईडी प्रदान की गई तथा लगभग 2.80 लाख डिजिटल डोर नंबर लगाए गए। इसके साथ ही क्यूआर आधारित ऑनलाइन भुगतान, यूपीआई, नेट बैंकिंग, आरटीजीएस, एनईएफटी, बीबीपीएस, “मोर रायपुर” मोबाइल ऐप एवं 24×7 ऑनलाइन सेवाओं के माध्यम से नागरिकों को सरल, पारदर्शी एवं डिजिटल कर भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई गई। प्रस्तुति में यह भी बताया गया कि ऑनलाइन कर निर्धारण की प्रक्रिया 48 घंटे से घटकर लगभग 2 मिनट तथा कर चक्र 60 दिनों से घटकर एक दिन तक पहुंच गया है।
समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि किसी भी नगर निगम की वित्तीय आत्मनिर्भरता का आधार उसका मजबूत राजस्व तंत्र होता है। राजस्व विभाग द्वारा तकनीक आधारित पारदर्शी व्यवस्था विकसित कर नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे कर संग्रह में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने राजस्व विभाग की पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल कुछ व्यक्तियों की नहीं बल्कि पूरे विभाग के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। अधिकारियों ने भविष्य में भी तकनीक आधारित, पारदर्शी एवं नागरिक हितैषी प्रशासन को और अधिक सुदृढ़ बनाने का आह्वान किया।
समारोह में विभिन्न श्रेणियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले जोन की श्रेणी में प्रथम स्थान पर जोन-5 ( खीरसागर नायक एवं राजस्व टीम), द्वितीय स्थान पर जोन-6 ( हितेंद्र यादव एवं राजस्व टीम) तथा तृतीय स्थान पर जोन-1 (अंशुल शर्मा सीनियर एवं राजस्व टीम) को सम्मानित किया गया। इसी प्रकार सर्वश्रेष्ठ सहायक राजस्व अधिकारी टीम, राजस्व निरीक्षक, राजस्व उपनिरीक्षक, सहायक राजस्व निरीक्षक प्रत्येक जोन के उत्कृष्ट सहायक राजस्व निरीक्षक, बाजार टीम, आईटी टीम, जीआईएस टीम, बैंकिंग सहयोगी संस्थाओं तथा अन्य उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि राजस्व विभाग द्वारा विगत वर्षों में अनेक महत्वपूर्ण नवाचार किए गए हैं, जिनमें लगभग 1.90 लाख पुराने अभिलेखों का डिजिटलीकरण, लगभग 2.90 लाख संपत्तियों का डोर-टू-डोर सर्वेक्षण, 54 लेयर युक्त जीआईएस बेस मैप का निर्माण, ऑनलाइन नामांतरण प्रणाली, रियल टाइम टैक्स कैलकुलेशन, डिजिटल भुगतान प्रणाली, 24×7 हेल्पडेस्क, चॉइस सेंटर एवं बीबीपीएस के माध्यम से भुगतान सुविधा तथा भवन परिवर्तन जैसी आधुनिक तकनीकों का सफल उपयोग शामिल है। इन नवाचारों के परिणाम स्वरूप संपत्ति कर प्रशासन अधिक पारदर्शी, वैज्ञानिक एवं प्रभावी हुआ है तथा नगर निगम की वित्तीय स्थिति लगातार मजबूत हुई है।
अंत में अपर आयुक्त द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, तकनीकी टीम, बैंकिंग सहयोगियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान समारोह केवल पुरस्कार वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि राजस्व विभाग की वर्षों की मेहनत, समर्पण, अनुशासन और नवाचार का उत्सव है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ कार्य करते हुए रायपुर नगर निगम को देश के सर्वश्रेष्ठ नगरीय निकायों में स्थापित करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts