देशनई दिल्ली

इंडोनेशिया में दिखी भारतीय संस्कृति की झलक, PM मोदी ने की पूजा

नई दिल्ली (विश्व परिवार)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को इंडोनेशिया के प्रसिद्ध प्रम्बानन मंदिर पहुंचकर हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार आरती की। प्रधानमंत्री मोदी अपनी इंडोनेशिया यात्रा के दौरान प्रम्बानन मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने हिंदू परंपरा के अनुसार आरती उतारी और पूजा-अर्चना की।
प्रम्बानन मंदिर यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर घोषित ऐतिहासिक हिन्दू मंदिर परिसर है। यह दक्षिण-पूर्व एशिया का सबसे बड़ा हिंदू मंदिर परिसर माना जाता है। इस परिसर में हिंदू त्रिमूर्ति- शिव, विष्णु और ब्रह्मा को समर्पित ऊंचे मंदिर मौजूद हैं। इसके अलावा उनके दिव्य वाहनों को समर्पित मंदिर भी हैं। मंदिर की दीवारों पर रामायण के प्रसंगों की बारीक नक्काशी भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया के गहरे सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संबंधों को दर्शाती है।
पीएम मोदी का यह कार्यक्रम भारत और इंडोनेशिया के बीच सांस्कृतिक एवं सभ्यतागत संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ज्ञात हो, पीएम मोदी इस समय इंडोनेशिया की तीन दिवसीय यात्रा पर हैं। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ द्विपक्षीय वार्ता की, इंडोनेशियाई संसद को संबोधित किया और इंडोनेशिया में भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया।
पीएम मोदी की इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी, व्यापार, रक्षा और सांस्कृतिक सहयोग को और बढ़ावा देने पर भी चर्चा होने की उम्मीद है। पीएम मोदी का प्रम्बानन मंदिर दौरा दोनों देशों के साझा सांस्कृतिक विरासत को रेखांकित करता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts