रायपुर (विश्व परिवार)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय के सहयोग केंद्र में आज वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आमजनों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान शिविर में 300 से अधिक लोग अपनी समस्याएं और मांगों को लेकर पहुंचे। वित्त मंत्री ने 100 से अधिक आवेदनों का तत्काल निराकरण कराया, जबकि अन्य आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजकर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
मीडिया से चर्चा करते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि कई मामलों में तत्काल संबंधित अधिकारियों को फोन कर समस्याओं का समाधान कराया गया। वहीं 100 से अधिक मांग संबंधी आवेदनों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके जल्द निराकरण की प्रक्रिया शुरू कराई गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और सहयोग केंद्र इसी उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है, ताकि लोगों को एक ही स्थान पर अपनी समस्याओं के समाधान का अवसर मिल सके। आज सहयोग केंद्र में भाजपा के वरिष्ठ नेता अशोक बजाज और प्रबल प्रताप जूदेव भी मौजूद रहे।







