भिलाईनगर (विश्व परिवार)। भिलाई निगम आयुक्त राजीव कुमार पांडेय के विरुद्ध महापौर नीरज पाल और कांग्रेस पार्षदों की मुहिम का नतीजा सामने आ गया है। राजीव पांडेय का ट्रांसफर अपर संचालक. उच्च शिक्षा संचालनालय, नवा रायपुर अटल नगर के पद पर किया गया है।
भिलाई निगम आयुक्त और महापौर नीरजपाल के बीच लंबे समय से खींचतान चल रही थी। महापौर ने उनको यहां से हटाने के लिए मोर्चा खोल दिया था। हाईकोर्ट में उनकी याचिका खारिज हो गई थी, लेकिन ट्रांसफर आदेश को वे अपनी जीत मान सकते हैं। जारी हुआ ट्रांसफर आदेश तत्काल प्रभाव से लागू माना जा रहा है, जिसमें राजीव कुमार की जगह वर्तमान में राजनांदगांव जिला पंचायत सीईओ 2020 बैच की आईएएस अधिकारी सुरूचि सिंह को आयुक्त नियुक्त किया गया है।
30 साल बाद पहली बार महिला आयुक्त
8 जून 1996 को भिलाई नगर निगम का गठन हुआ था। अब तक यहाँ 26 आयुक्त रहे हैं। 27वें आयुक्त के रूप में सुरुचि सिंह पहली महिला आयुक्त के तौर पर पदभार संभालेंगी। उनके सामने भिलाई निगम में वेतन संकट, आवास योजना और राजस्व वसूली जैसे कई अहम मुद्दे चुनौती के तौर पर होंगे।







