रायपुर (विश्व परिवार)। दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने गोंदिया-पटना-गोंदिया के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यात्रियों को कंफर्म बर्थ के साथ यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस ट्रेन का दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरे के लिए परिचालन किया जाएगा।
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 08895 गोंदिया-पटना पूजा स्पेशल ट्रेन 6 से 20 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को गोंदिया से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 4:30 बजे पटना पहुंचेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 08896 पटना-गोंदिया पूजा स्पेशल ट्रेन 7 से 21 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को पटना से शाम 6:10 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह 3 बजे गोंदिया पहुंचेगी।
इस ट्रेन का ठहराव दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के गोंदिया, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा और रायगढ़ स्टेशनों पर दिया गया है। इसके अलावा झारसुगुड़ा, राउरकेला, हटिया, रांची, मूरी, बोकारो स्टील सिटी, धनबाद, जसीडीह, झाझा, जमुई, किऊल और राजेंद्रनगर टर्मिनल सहित अन्य स्टेशनों पर भी ठहराव रहेगा।
20 कोच की होगी ट्रेन
पूजा स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 2 एसएलआरडी, 4 सामान्य, 10 स्लीपर, 3 एसी-III और 1 एसी-II कोच शामिल हैं।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन के संचालन दिवस, समय-सारिणी और ठहराव की विस्तृत जानकारी रेलवे की अधिकृत वेबसाइट, NTES या रेलवन ऐप से प्राप्त कर लें।






