छत्तीसगढ़रायपुर

एम्स रायपुर ने छत्तीसगढ़ के पहले सरकारी बाल अस्थि मज्जा प्रत्यारोपण (पीडियाट्रिक बोन मैरो ट्रांसप्लांट) केंद्र की स्थापना के लिए ऐतिहासिक समझौता किया

रायपुर (विश्व परिवार)। एम्स रायपुर ने बाल आयुष फाउंडेशन (Bal Ayush Foundation – BAF) के साथ एक ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत छत्तीसगढ़ में पहला सरकारी अत्याधुनिक बाल अस्थि मज्जा प्रत्यारोपण (Pediatric Bone Marrow Transplant – BMT) केंद्र स्थापित किया जाएगा।
बोन मैरो ट्रांसप्लांट थैलेसीमिया, सिकल सेल रोग तथा बच्चों में होने वाले कुछ गंभीर रक्त संबंधी रोगों और कैंसर के लिए सबसे प्रभावी एवं कई मामलों में एकमात्र स्थायी उपचार माना जाता है।
अब तक छत्तीसगढ़ के मरीजों को इस उपचार के लिए मुंबई, दिल्ली और अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, क्योंकि राज्य के किसी भी सरकारी अस्पताल में यह सुविधा उपलब्ध नहीं थी।
समझौता ज्ञापन पर एम्स रायपुर के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल (सेवानिवृत्त), बाल आयुष फाउंडेशन के संस्थापक एवं निदेशक ललित परमार, एम्स रायपुर के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. (डॉ.) डी. के. त्रिपाठी तथा थैलेसीमिक्स इंडिया के संस्थापक अध्यक्ष दीपक चोपड़ा ने हस्ताक्षर किए।
इस अवसर पर लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल (सेवानिवृत्त) ने इस समझौते को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे छत्तीसगढ़ के आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को बाल कैंसर एवं गंभीर रक्त रोगों के लिए जीवनरक्षक और स्थायी उपचार निःशुल्क उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि यह पहल एम्स रायपुर की उस प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है, जिसके तहत संस्थान ऐसे उच्चस्तरीय उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहा है जो वर्तमान में राज्य के किसी अन्य सरकारी संस्थान में उपलब्ध नहीं हैं।
पाँच वर्ष की अवधि वाले इस समझौते (जिसे आगे बढ़ाया जा सकेगा) के अंतर्गत एम्स रायपुर आवश्यक स्थान, चिकित्सा
विशेषज्ञता और प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराएगा, जबकि बाल आयुष फाउंडेशन कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) फंड, गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) तथा विभिन्न सरकारी अनुदानों के माध्यम से इस अत्याधुनिक केंद्र की स्थापना एवं आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था करेगा।
यह केंद्र एम्स रायपुर के चिकित्सा लाइसेंस के अंतर्गत संचालित होगा तथा इसकी चिकित्सा सेवाओं का नेतृत्व पीडियाट्रिक हीमैटो- ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. सुनील जोंधले करेंगे।
समझौता समारोह में बाल रोग विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार गोयल, अस्पताल प्रशासन के अधिकारी, संस्थान के सभी डीन तथा अन्य वरिष्ठ संकाय सदस्य भी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts