देशनई दिल्ली

NEET विवाद पर खरगे का मोदी सरकार पर हमला, बोले- पहले शिक्षा मंत्री को बर्खास्त करें

नई दिल्ली (विश्व परिवार)। नीट पेपर लीक मामले पर देश में मचे बवाल के बीच आधी रात को पीएम मोदी का वीडियो संदेश जारी करना विरोधियों का रास नहीं आया। कांग्रेस समेत सभी विपक्ष दल के नेता पीएम नरेंद्र मोदी के वीडियो संदेश पर पलटवार कर रहे हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने तो पीएम मोदी को आखिरी वार्निंग दे डाली है।
प्रधानमंत्री मोदी के आधी रात को वीडियो संदेश जारी करने पर कांग्रेस अध्यक्ष ने कई सवाल उठाए हैं। साथ ही शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करने के बाद ही संसद आने की नसीहत दी है।
कांग्रेस सांसद और राज्यसभा नेता प्रतिपक्ष ने सोशळ मीडिया एक्स पर लिखा- जब संसद चल रही होती है तो प्रधानमंत्री को संसद के पटल पर Statement देना होता है, देर रात एक वीडियो बनाकर, संसद के बाहर एकतरफ़ा “मन की बात” नहीं करनी होती !!@narendramodi जी, आज संसद में आने से पहले, धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त कर के आइएगा। पहले छात्रों से माफ़ी माँगिए और जिन्होंने लाठी-डंडे-Pellet Gun का इस्तेमाल छात्रों की आवाज़ दबाने के लिए करवाया है उन पर कड़ी कार्यवाही कीजिए। फिर हम शिक्षा व्यवस्था पर विस्तृत Discussion के लिए तैयार हैं।
सोनिया गांधी का मोदी सरकार पर बड़ा हमला
वहीं कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया (Sonia Gandhi) ने भी मोदी सरकार पर बड़ा हमला किया है। सोनिया गांधी ने नीट पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली में गड़बड़ियों और छात्रों के आंदोलन को लेकर कहा कि पिछले कुछ सप्ताह से देशभर में छात्र शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा प्रश्नपत्र लीक और शिक्षा व्यवस्था में गिरावट के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी मांग केवल सरकार की जवाबदेही तय करने और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की है, लेकिन केंद्र सरकार ने बातचीत के बजाय दमन का रास्ता अपनाया।
सोनिया गांधी ने कहा कि 20 जुलाई 2026 को दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने लाठीचार्ज किया।उन्होंने कहा कि युवाओं के घायल होने की तस्वीरों ने पूरे देश को झकझोर दिया है, लेकिन सरकार और उसके समर्थक मीडिया इस आंदोलन को अलग तरीके से पेश करने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि ये छात्र देश के भविष्य हैं, न कि राष्ट्र के दुश्मन. सरकार को उनकी बात सुननी चाहिए थी, लेकिन उसने दमन का रास्ता चुना।

पीएम मोदी ने वीडियो संदेश में क्या कहा
बता दें कि नीट पेपर लीक पर मचे महासंग्राम के बीच पीएम नरेंद्र मोदी ने आधी रात छात्रों को वीडियो संदेश जारी किया। प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार रात 12 बजे छात्रों के लिए वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा कि सरकार पेपर लीक के खिलाफ कड़ी सजा का प्रावधान करने वाला कानून बनाएगी। इसी मानसून सत्र में बिल पास कराएंगे। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर यह भी कहा कि पेपर लीक के खिलाफ और सख्त कार्रवाई के लिए कल कैबिनेट में चर्चा भी होगी। मंजूरी मिलने के बाद इसे अगले हफ्ते संसद में पेश किया जाएगा। साथ ही इसे जल्द पास कराने की कोशिश होगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा- फ्रेंड्स पेपर लीक कोई मामूली विषय नहीं है। इससे लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों को बेहद पीड़ा होती है। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई महीनों में पेपर लीक की घटनाओं के बाद सरकार ने कई कदम उठाए हैं और दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी यह थी कि छात्रों का एक साल बर्बाद न हो। इसलिए कम से कम समय में करीब 22 लाख विद्यार्थियों की परीक्षाएं कराने की व्यवस्था की गई। प्रधानमंत्री ने कहा कि 19 तारीख को परीक्षा के नतीजे भी जारी कर दिए गए हैं और देशभर से सफल विद्यार्थियों की खुशी की खबरें सामने आ रही हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts