रायपुर (विश्व परिवार)। The Riding Hawks Chhattisgarh Riders के प्रतिनिधिमंडल ने आज छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की माननीय अध्यक्षा डॉ. ममता साहू से सौजन्य भेंट कर उन्हें आगामी कैंसर जागरूकता महिला बाइक राइड (Cancer Awareness Ride) के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने हेतु औपचारिक आमंत्रण पत्र सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्षा डॉ. ममता साहू से अनुरोध किया कि वे कार्यक्रम में अपनी गरिमामयी उपस्थिति प्रदान करते हुए हरित ध्वज (Green Flag) दिखाकर रायपुर से सीमा तक आयोजित होने वाली कैंसर जागरूकता महिला बाइक राइड का शुभारंभ करें। इस अवसर पर उन्हें अभियान के उद्देश्य एवं महिलाओं द्वारा संचालित इस जन-जागरूकता पहल की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
The Riding Hawks Chhattisgarh Riders द्वारा इंडियन रॉयल एनफील्ड शोरूम, पंडरी, रायपुर के सहयोग से आयोजित इस अभियान का उद्देश्य समाज में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना, समय पर स्वास्थ्य जांच एवं उपचार के महत्व का संदेश देना तथा महिलाओं में आत्मविश्वास, सुरक्षित एवं जिम्मेदार राइडिंग को बढ़ावा देना है।
इस अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से महिला बाइक राइडर्स रायपुर से सीमा तक मोटरसाइकिल यात्रा करेंगी और आमजन को कैंसर की प्रारंभिक पहचान, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक करेंगी।
The Riding Hawks Chhattisgarh Riders छत्तीसगढ़ की महिला मोटरसाइकिल राइडर्स का एक सक्रिय मंच है, जिसकी स्थापना सोनाली गुहा (साइबर फॉरेंसिक एवं विधि विशेषज्ञ), डॉ. नम्रता (सीनियर राइडर) एवं मेघा चंद्राकर (सीनियर राइडर) द्वारा महिलाओं को सुरक्षित, आत्मविश्वासी एवं सशक्त राइडिंग के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से की गई है। यह समूह समय-समय पर महिला सशक्तिकरण, सड़क सुरक्षा एवं विभिन्न सामाजिक सरोकारों से जुड़े जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करता है।
कार्यक्रम का आयोजन रॉयल इंडियन एनफील्ड शोरूम, पंडरी, रायपुर के सहयोग से किया जा रहा है। कार्यक्रम की इवेंट कोऑर्डिनेटर वर्षा तिर्की (बलरामपुर) हैं, जो संपूर्ण आयोजन का समन्वय कर रही हैं।
आयोजकों ने प्रदेशवासियों एवं महिला राइडर्स से इस जनहितकारी अभियान का समर्थन करने तथा कैंसर जागरूकता के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने की अपील की है।







