छत्तीसगढ़रायपुर

वित्तीय साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन, छात्र-छात्राओं को साइबर फ्रॉड और सुरक्षित बैंकिंग की दी जानकारी

रायपुर (विश्व परिवार)। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI), नवा रायपुर के नेतृत्व में 21 जुलाई 2026 को कृष्णा इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल, धनलक्ष्मी नगर, भनपुरी (रायपुर) में वित्तीय साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को बैंकिंग सेवाओं, वित्तीय प्रबंधन एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था, ताकि वे भविष्य में आर्थिक रूप से सुरक्षित और सशक्त निर्णय ले सकें।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने बैंकिंग योजनाओं, बजट निर्माण, बचत और निवेश के महत्व पर सरल एवं व्यवहारिक जानकारी दी। साथ ही डिजिटल अरेस्ट, साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन ठगी जैसे बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर फ्रॉड तेजी से फैल रहा है, इसलिए सतर्क रहना और सुरक्षित बैंकिंग अपनाना बेहद जरूरी है।
प्रतिभागियों को राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और बैंकिंग लोकपाल हेल्पलाइन 14448 की जानकारी भी दी गई, ताकि किसी भी वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त की जा सके। इसके अलावा नोटों की पहचान, शिक्षा ऋण, ऋण के सही उपयोग तथा प्रधानमंत्री जन-धन, बीमा और पेंशन जैसी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम में भारतीय रिजर्व बैंक से सत्येंद्र राठौर (AGM), नवीन तिवारी (LDO) और आकाश उपस्थित रहे। वहीं जिला अग्रणी बैंक (बैंक ऑफ बड़ौदा) की ओर से मोहम्मद मोफिज (LDM), दिलीप कुमार यदु (FLC) और हरीश पांड्या ने सहभागिता निभाई।
विद्यालय की निदेशक हरजीत कौर बग्ग एवं प्राचार्य सरिता सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और वित्तीय समझ को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों को सुरक्षित बैंकिंग अपनाने और वित्तीय रूप से जागरूक बनने का संदेश देकर किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts