बिरगांव (विश्व परिवार)। नगर निगम बिरगांव क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत संचालित ग्रेन अन्नपूर्णा (एटीएम) सेंटर को लेकर हितग्राहियों को हो रही परेशानियों पर इकराम अहमद, ने खाद्य विभाग का ध्यान आकर्षित किया है।
इकराम अहमद ने कहा कि खाद्य विभाग के अधिकारी भूपेंद्र मिश्रा को धरातल पर जाकर केंद्र का निरीक्षण करना चाहिए और हितग्राहियों की वास्तविक समस्याओं का तत्काल निराकरण करना चाहिए। हितग्राहियों द्वारा नमक एवं शक्कर उपलब्ध नहीं होने की शिकायत की जा रही है।
उन्होंने कहा कि सातो दिन 24 घंटा खुलने वाले एटीएम मे सोमवार को सुबह 11 बजे तक हितग्राहियों को एटीएम सेंटर से चावल नहीं मिल पाया, जिसके कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यदि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत हितग्राहियों को समय पर राशन ही उपलब्ध नहीं होगा, तो इस व्यवस्था का उद्देश्य पूरा कैसे होगा?
उन्होंने कहा कि बिरगांव का एटीएम केंद्र व्यवस्थागत रूप से गार्ड के भरोसे संचालित होता दिखाई दे रहा है, जबकि ऐसी व्यवस्था में जिम्मेदार अधिकारियों की नियमित निगरानी और समय समय पर मौके पर उपस्थिति बेहद जरूरी है।
इकराम अहमद ने खाद्य विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि एटीएम केंद्र की व्यवस्था, चावल की उपलब्धता, नमक-शक्कर वितरण तथा हितग्राहियों को होने वाली परेशानियों की तत्काल जांच की जाए और लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि गरीब एवं जरूरतमंद हितग्राहियों को उनके हिस्से का राशन समय पर और बिना किसी परेशानी के मिल सके।







