छत्तीसगढ़रायपुर

महापौर मीनल चौबे की सख्ती, अवैध निर्माण और बिना पार्किंग वाले प्रतिष्ठानों पर होगी कार्रवाई

रायपुर (विश्व परिवार)। आज रायपुर नगर पालिक निगम की महापौर मीनल चौबे की अध्यक्षता में नगर निगम मुख्यालय भवन के महापौर कार्यालयीन कक्ष में हुई आवश्यक बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों, पेयजल, जल निकासी, अवैध निर्माण, पार्किंग व्यवस्था, कॉलोनी विकास, राजस्व वसूली एवं वेंडिंग जोन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई एवं सभी जोन कमिश्नरों को सख्त निर्देश दिए गए।
बैठक में महापौर मीनल चौबे ने सभी जोन कमिश्नरों, कार्यपालन अभियंताओं, सहायक अभियंताओं को जनहित से सम्बंधित सभी कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा में निराकरण की आवशयक कार्रवाई सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
बैठक में महापौर ने प्रत्येक वार्ड में 10 लाख रुपये तक के नवीन विकास कार्यों को करवाने शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने तथा संबंधित वार्ड पार्षदों से चर्चा कर जनहित में आवश्यक विकास कार्यों को प्रस्ताव में प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
बैठक में महापौर ने राजधानी शहर में निर्माणाधीन अवैध निर्माणों से संबंधित प्रकरणों में नियमानुसार प्रक्रिया के अंतर्गत अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई करने के सख्त निर्देश सभी जोन कमिश्नरों को दिए हैँ । महापौर ने सभी जोन कमिश्नरों को बिना पार्किंग के संचालित होने वाले प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों के विरुद्ध प्रक्रिया के अंतर्गत नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने निर्देशित किया है।
महापौर मीनल चौबे ने बैठक में कॉलोनी विकास अनुमति से संबंधित मामलों में कॉलोनी पूर्णता प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो, यह सुनिश्चित करने निर्देशित किया। महापौर ने कॉलोनी विकास अनुमति प्रकरणों में आवश्यक पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित होने के पश्चात ही संबंधित प्रक्रिया पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
महापौर मीनल चौबे द्वारा कॉलोनी विकास अनुमति से संबंधित प्रकरणों में आवश्यक दस्तावेज एवं प्रतिलिपियां उपलब्ध कराने तथा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश सभी जोन अधिकारियों को दिए गए। महापौर ने बंधक प्लॉट में परिवर्तन की अनुमति न दिए जाने के संबंध में भी स्पष्ट निर्देश दिए ।
बैठक में महापौर ने सोनडोंगरी क्षेत्र की ड्रेनेज व्यवस्था की समीक्षा एवं स्थल निरीक्षण कर जल निकासी की व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में महापौर ने नगर निगम जोन 8 क्षेत्र के अंतर्गत संपत्तिकर एवं अन्य राजस्व वसूली की स्थिति की समीक्षा कर राजस्व वसूली में तेजी लाने तथा मुख्य मार्गों एवं प्रमुख क्षेत्रों में राजस्व वसूली अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश जोन अधिकारियों को दिए।
महापौर मीनल चौबे ने बैठक में जोन अधिकारियों को शहर में सुव्यवस्थित व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए वेंडिंग जोन को चिन्हित कर शीघ्र व्यवस्थित करने तथा अतिक्रमण के विरुद्ध नियमानुसार प्रक्रिया के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts