छत्तीसगढ़रायपुर

महोबा बाजार में बुजुर्ग का मोबाइल छीनकर भाग रहा था आरोपी, ट्रैफिक आरक्षक ने दौड़ाकर पकड़ा

रायपुर (विश्व परिवार)। शहर में यातायात व्यवस्था संभालने के साथ पुलिसकर्मी आम लोगों की मदद के लिए भी किस तरह तत्पर रहते हैं, इसकी एक मिसाल महोबा बाजार चौक में देखने को मिली। यहां ड्यूटी पर तैनात यातायात आरक्षक ने एक बुजुर्ग व्यक्ति का मोबाइल छीनकर भाग रहे आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया। आरक्षक की त्वरित कार्रवाई से मोबाइल सुरक्षित बरामद कर बुजुर्ग को वापस दिलाया गया।
बुजुर्ग को पीछे दौड़ते देख आरक्षक ने समझी पूरी बात
दरअसल, यातायात थाना टाटीबंध में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 1293 दुजराम कश्यप की ड्यूटी महोबा बाजार चौक पर लगी थी। इसी दौरान उन्होंने एक व्यक्ति को हाथ में मोबाइल लेकर सरस्वती नगर थाना की ओर से तेजी से भागते देखा। उसके पीछे एक बुजुर्ग व्यक्ति भी दौड़ रहे थे और इशारा कर मदद की मांग कर रहे थे।
मामले को समझते ही आरक्षक दुजराम कश्यप ने तत्काल आरोपी का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। इसी बीच बुजुर्ग व्यक्ति भी वहां पहुंच गए।
मोबाइल नंबर पर कॉल कर की गई पहचान
बुजुर्ग से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति ने उनका मोबाइल छीन लिया था और उसी मोबाइल को लेकर भाग रहा था। इसके बाद बुजुर्ग द्वारा बताए गए मोबाइल नंबर पर कॉल कर बरामद मोबाइल की पुष्टि की गई।
पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल छीनकर भागने की बात स्वीकार की।
आमानाका पुलिस ने संभाली आगे की कार्रवाई
आरक्षक दुजराम कश्यप ने मामले की सूचना तत्काल आमानाका थाना पेट्रोलिंग टीम को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना आमानाका ले गई।
आरक्षक की सतर्कता से बुजुर्ग को मिला मोबाइल
आरक्षक दुजराम कश्यप की सतर्कता, त्वरित प्रतिक्रिया और साहस के कारण बुजुर्ग व्यक्ति का मोबाइल तत्काल बरामद हो गया। इसके बाद मोबाइल उन्हें सुरक्षित वापस दिलाया गया और आरोपी को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के अधिकारी और कर्मचारी यातायात व्यवस्था के साथ-साथ आम नागरिकों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए लगातार तत्परता से कार्य कर रहे हैं। महोबा बाजार चौक की यह घटना इसी तत्परता और जिम्मेदारी का उदाहरण है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts