रायपुर (विश्व परिवार)। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (फाडा) की फाडा अकादमी ने लंदन स्थित इम्पीरियल कॉलेज बिजनेस स्कूल में अपना पहला रणनीतिक नेतृत्व कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया। 20 से 24 जुलाई 2026 तक चले पांच दिवसीय कार्यक्रम में देशभर के 18 प्रमुख ऑटोमोबाइल रिटेल लीडर्स, डीलर प्रिंसिपल्स और बिजनेस लीडर्स ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में रणनीतिक नेतृत्व, नवाचार, डेटा आधारित निर्णय, डिजिटल मार्केटिंग, उभरती तकनीक, व्यवसाय परिवर्तन और वैश्विक कारोबारी तौर-तरीकों जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में शामिल सभी 18 प्रतिभागियों को फाडा अकादमी ग्लोबल लीडरशिप क्लब के संस्थापक सदस्य के रूप में मान्यता दी गई। फाडा अकादमी एवं रिसर्च के चेयरमैन मनीष राज सिंघानिया ने इसे भारतीय ऑटोमोबाइल रिटेल क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि इस कार्यक्रम से उद्योग जगत के नेताओं को वैश्विक दृष्टिकोण, नई रणनीतियों और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिला है।







