छत्तीसगढ़रायपुर

80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सेक्रो रायपुर मंडल द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन

रायपुर (विश्व परिवार)। 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन (सेक्रो), रायपुर मंडल द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ किया गया।
इस अवसर पर टिनी टॉट स्कूल–I एवं टिनी टॉट स्कूल–II, WRS कॉलोनी, रायपुर में ध्वजारोहण किया गया। स्कूल की शिक्षिकाओं एवं बच्चों द्वारा देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को फूड पैकेट्स का वितरण भी किया गया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सेक्रो, रायपुर मंडल द्वारा मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में कार्यरत 17 कॉन्ट्रैक्ट बागवानी कर्मचारियों एवं 18 कॉन्ट्रैक्ट सफाई मित्रों, कुल 35 कर्मचारियों को उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस पहल के माध्यम से उनके योगदान एवं सेवाओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
इसी क्रम में सेक्रो, रायपुर मंडल द्वारा रायपुर मंडल रेलवे चिकित्सालय के महिला वार्ड एवं पुरुष वार्ड के लिए 02 नग 43 इंच एलईडी टीवी भेंट किए गए। इन टीवी के माध्यम से मरीजों एवं उनके परिजनों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी जागरूकता संदेश, चिकित्सकीय सलाह, रोगों से बचाव के उपाय, पोषण संबंधी जानकारी तथा अस्पताल से संबंधित आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। इस अवसर पर महिला एवं पुरुष वार्ड में भर्ती मरीजों को भी फूड पैकेट्स वितरित किए गए।
उपरोक्त सभी कार्यक्रम सेक्रो अध्यक्षा शिखा सिंह की अध्यक्षता में आयोजित किए गए। कार्यक्रम में अदिति अग्रवाल, उपाध्यक्षा/सेक्रो; राशि गुप्ता, सचिव/सेक्रो; अमृता शाह, सह सचिव/सेक्रो सहित सभी सेक्रो सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts