नई दिल्ली (विश्व परिवार)। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम का ऐलान हो गया है। नई टीम में युवा और अनुभवी नेताओं के बीच संतुलन बनाने पर खास जोर दिया गया है। पार्टी ने 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की नियुक्ति की है। इसके अलावा संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाते हुए करीब 33 फीसदी महिला पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। ख़ास बात यह है कि, लम्बे समय बाद स्मृति ईरानी की वापसी हुई है। उन्हें महासचिव बनाया गया है। जबकि वसुंधरा राजे और राम माधव को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उत्तराखंड के पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत को भी बीजेपी उपाध्यक्ष बनाया गया है। ओडिशा के बैजयंत जय पांडा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने दि बधाई
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा है कि भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय टीम के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. अनुभव और ऊर्जा से समृद्ध यह टीम आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में संगठन को नई गति प्रदान करेगी। मुझे पूर्ण विश्वास है कि टीम के सभी सदस्य, कार्यकर्ता भाव से संगठन को और अधिक सशक्त बनाते हुए ‘विकसित भारत’ के संकल्प और राष्ट्रसेवा के ध्येय को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।
बता दें कि, 7 महीने पहले नवीन के अध्यक्ष बनने के बाद से ही टीम का गठन पेंडिग था। पार्टी ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए अपनी राष्ट्रीय टीम तैयार की।







