रायपुर (विश्व परिवार)। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में पेपर लीक मामला तूल पकड़ता जा रहा है. भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) से जुड़े कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासनिक भवन के सामने शुक्रवार को प्रदर्शन करते हुए जिम्मेदारों से इस्तीफे की मांग की।
एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने नकली नोट और डायपर रखकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया. छात्र संगठन ने कृषि विश्वविद्यालय प्रबंधन को इस संबंध में कार्रवाई के लिए 72 घंटों का अल्टीमेटम दिया है।
बता दें कि B.Sc. द्वितीय वर्ष के Pest Management in Crops and Stored Grains-I (AENT 221) विषय के प्रश्नपत्र लीक होने की शिकायत कवर्धा प्राप्त होने के बाद इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) प्रशासन ने परीक्षा को रद्द कर दिया था. विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रद्द की गई परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी. इसके लिए नई तारीख अलग से जारी की जाएगी।
जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी गठित
मामले में कुलसचिव डॉ. कपिल देव दीपक ने बताया था कवर्धा से मिली शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई (पेपर रद्द करने) की गई है. पेपर रायपुर में तैयार होता है, और यहां से 28 कॉलेजों में भेजा जाता है. परीक्षा रद्द करने की जांच के लिए पांच सदस्यीय टीम गठित की गई है. एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी गई है, ताकि दोषी पर कड़ी कार्रवाई हो सके।







