नई दिल्ली (विश्व परिवार)। भारत और ब्राजील ने दूरसंचार और सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (ICT) के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता पुणे में आयोजित 12वीं BRICS संचार मंत्रियों की बैठक से इतर हुआ।
दूरसंचार विभाग के अनुसार, यह समझौता डिजिटल नवाचार को बढ़ावा देने, डिजिटल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने में मदद करेगा।
MoU पर भारत के केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया और ब्राजील के संचार मंत्री फ्रेडेरिको डी सिक्वेरा फिल्हो ने हस्ताक्षर किए।
सिंधिया ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह समझौता सार्वभौमिक कनेक्टिविटी, साइबर सुरक्षा, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना, उभरती प्रौद्योगिकियों, क्षमता निर्माण और सर्वोत्तम प्रक्रियाओं के आदान-प्रदान में दोनों देशों के बीच सहयोग को मजबूत करेगा।
उन्होंने इसे सुरक्षित और समावेशी डिजिटल भविष्य के लिए भारत-ब्राजील सहयोग को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में BRICS सदस्य देशों के सरकारी अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, शिक्षाविद, स्टार्टअप और शोध संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
यह मंच 2021 में भारत द्वारा आयोजित 7वीं BRICS संचार मंत्रियों की बैठक के दौरान संस्थागत रूप दिया गया था। यह BRICS ICT Track के तहत विभिन्न हितधारकों के बीच सहयोग का प्रमुख मंच है।
कार्यक्रम के पहले विषयगत सत्र में साइबर सुरक्षा और विश्वसनीय ICT पर चर्चा हुई। इसमें बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा सहित डिजिटल बदलाव से जुड़े सुरक्षा और विश्वास के पहलुओं पर विचार किया गया।
दूसरे सत्र में टिकाऊ और लचीले डिजिटल एवं ICT पारिस्थितिकी तंत्र पर चर्चा हुई। इसमें सार्वभौमिक, सार्थक और किफायती कनेक्टिविटी, ऊर्जा-कुशल एवं जलवायु-अनुकूल बुनियादी ढांचे तथा सैटेलाइट और गैर-स्थलीय प्रणालियों जैसी उभरती तकनीकों की भूमिका पर विचार किया गया।








