कोरियाछत्तीसगढ़

महीने का आखिरी सप्ताह, फिर भी राशन नहीं मिला! बंजारी डांड में हितग्राही परेशान, व्यवस्था पर उठे सवाल

बैकुंठपुर (विश्व परिवार)। कोरिया जिले के बैकुंठपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बंजारी डांड की शासकीय उचित मूल्य की दुकान में राशन वितरण को लेकर हितग्राहियों की परेशानी बढ़ गई है। महीने का आखिरी सप्ताह आ जाने के बावजूद हितग्राहियों को चावल का वितरण नहीं किया गया है। वहीं शक्कर और चना भी नहीं मिलने की बात सामने आ रही है।
राशन लेने के लिए दुकान पहुंच रहे ग्रामीणों, खासकर महिलाओं में व्यवस्था को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है। हितग्राहियों का कहना है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत मिलने वाले खाद्यान्न पर कई परिवार निर्भर हैं। ऐसे में समय पर राशन नहीं मिलने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
खाद्य अधिकारी बोले- जानकारी नहीं
मामले को लेकर जिला खाद्य अधिकारी नटवर सिंह राठौर से जानकारी ली गई। उन्होंने कहा कि उन्हें इस संबंध में जानकारी नहीं है। अधिकारी ने संबंधित सिस्टम को अपडेट कराने की बात कही है।
अब सवाल यह है कि जब महीने का अंतिम सप्ताह आ गया है और चावल, शक्कर तथा चना का वितरण नहीं हो पाया है, तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है? ग्रामीणों ने खाद्य विभाग से मामले की जांच कर तत्काल राशन वितरण शुरू कराने की मांग की है।
हितग्राहियों की नजर अब विभाग की कार्रवाई पर है कि बंजारी डांड की उचित मूल्य दुकान में राशन वितरण व्यवस्था कब तक पटरी पर लौटती है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts