रायपुर (विश्व परिवार) । सामाजिक व साहित्यिक संस्था वक्ता मंच तथा जन एकता फाउंडेशन द्वारा संयुक्त रुप से रविवार 30 अगस्त को प्रातः 10 बजे वृन्दावन सभागृह, सिविल लाइन, रायपुर में काव्य स्पर्धा, विमोचन व सम्मान कार्यक्रम के आयोजन किया गया है । वक्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते ने जानकारी दी है कि इस अवसर पर प्रदेश के 18 वर्ष से कम आयु के बाल कवियों के काव्य संग्रह ” 7काव्य किसलय” का विमोचन किया जायेगा । इसका संपादन किरणलता वैद्य “कठिन” एवं संयोजन जितेंद्र सुकुमार “साहिर ” द्वारा किया गया है l इसमें 33 बाल कवियों की कविताएं प्रकाशित की गई है ,जिनमें से अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों से है। संभवतः प्रदेश में बाल रचनाकारों पर केंद्रित यह पहला प्रकाशन है । सभी प्रकाशित बाल रचनाकारों को सम्मानित भी किया जायेगा । कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महाराष्ट्र की कवयित्री सुरेखा खरे ‘सिद्धि ‘ है । कार्यक्रम में “जरा याद करो कुर्बानी ” विषय पर स्वरचित काव्य पाठ स्पर्धा का आयोजन भी रखा गया है। स्वतंत्रता आंदोलन के नायकों पर केंद्रित इस स्पर्धा के अंतर्गत 3 मिनट की समय सीमा में प्रतिभागी अपनी प्रस्तुतियां देंगे । सर्वोत्कृष्ट 4 प्रतिभागियों को अंत में पुरस्कृत किया जायेगा। आयोजन के अंत में मुख्य अतिथि महाराष्ट्र की कवयित्री सुरेखा खरे “सिद्धि” को उनके द्वारा रचित ‘छंद रसावली ‘ काव्य संग्रह हेतु गोल्डन बुक सर्टिफिकेट से सम्मानित किया जायेगा । इस संग्रह में लेखिका द्वारा सभी रसों व छंदों का समावेश करते हुए काव्य रचना की गई है इसलिए इसे छंद रसावली का नाम दिया गया है l लेखिका द्वारा सभी रसों को छंदोबद्ध रचनाओं में बांधकर मात्रा गणना पर विशेष ध्यान दिया गया है और उसे दर्शाया भी गया है । इससे विद्यार्थियों को विशेष लाभ होगा । दोनों आयोजक संस्थाओं द्वारा इस आयोजन मे समस्त साहित्य अनुरागियों को आमंत्रित किया गया है।






