दुर्ग (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में 12 आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। वहीं अब पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है।
दरअसल, यह पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। 22 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली थी कि तकियापारा स्थित सोहेल अहमद खान के मकान में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चल रहे क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन रूपये पैसे का दांव लगाकर सट्टा खिलाया जा रहा, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर दबिश देकर सोहेल अहमद खान और संतोष कुमार गोंड़ को पकड़ा था।
नगदी सहित कई सामान जब्त
इस दौरान मौके से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने में इस्तेमाल होने वाला 01 लैपटॉप, 01 एलईडी टीवी, 04 मोबाइल फोन, 01 डीवीआर, नगदी रकम 5,000 रुपये सहित कुल 2,70,500 रुपये की सामग्री जब्त की गई थी।
ये आरोपी पहले हो चुके हैं गिरफ्तार
दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे में संलिप्त सोहेब अख्तर, साहिल उर्फ सोनू, विजेन्द्र कुमार, मनय बोथरा, राहुल रंगवानी, संदीप कापसे, अमान अली, हुसैन अली, सोविंद यादव और जुनैद रज्जा सहित अन्य आरोपियों को पहले गिरफ्तार किया गया था।
फरार आरोपी भी चढ़ा पुलिस के हत्थे
साथ ही धारा 4, 6, 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 एवं धारा 112 (2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया था और फरार आरोपी उमेश भगत उर्फ अंकल की तलाश की जा रही थी, लेकिन अब उसे भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया है।







