देशमुंबई

बैंक ऑफ बड़ौदा में 2,482 पदों पर भर्ती, 7 सितंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन

मुंबई (विश्व परिवार)। भारत के अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में से एक, बैंक ऑफ बड़ौदा ने 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में नियमित आधार पर 2,482 स्थानीय बैंक अधिकारियों की नियुक्ति के लिए बड़े पैमाने पर भर्ती अभियान की घोषणा की है। यह भर्ती कनिष्ठ प्रबंधन वेतनमान/संवर्ग-I में की जाएगी।

भर्ती अभियान का उद्देश्य युवा बैंकिंग पेशेवरों के लिए बेहतर करियर अवसर उपलब्ध कराना, बैंक में स्थानीय प्रतिभाओं के आधार को मजबूत करना और जमीनी स्तर पर ग्राहकों को बेहतर बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही बैंक का लक्ष्य स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देना है।

चयनित अधिकारियों को 12 साल तक संबंधित राज्य में मिलेगी पोस्टिंग

भर्ती की प्रमुख विशेषता यह है कि चयनित अधिकारियों को उनकी सेवा के शुरुआती 12 वर्षों तक या कनिष्ठ प्रबंधन वेतनमान/संवर्ग-IV में पदोन्नति होने तक, जो भी पहले हो, उसी राज्य में पदस्थ किया जाएगा, जिसके लिए उन्होंने आवेदन किया है।

राज्य आधारित पदस्थापना व्यवस्था से बैंक को स्थानीय भाषा में दक्षता, स्थानीय संस्कृति की समझ और स्थानीय बाजार की जानकारी रखने वाला कार्यबल तैयार करने में मदद मिलेगी। इससे ग्राहकों के साथ बेहतर संबंध स्थापित करने और उनकी बैंकिंग जरूरतों को प्रभावी तरीके से पूरा करने में सहायता मिलेगी।

इस पहल के जरिए स्थानीय प्रतिभाओं को बैंकिंग क्षेत्र में करियर बनाने का अवसर मिलेगा। साथ ही, अधिकारी अपने करियर के शुरुआती महत्वपूर्ण वर्षों में अपने संबंधित राज्यों में सेवाएं देते हुए स्थानीय आर्थिक विकास में भी योगदान दे सकेंगे।

इन राज्यों में होगी भर्ती

भर्ती अभियान में गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और ओडिशा सहित देश के 20 राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेश शामिल हैं।

बैंक ऑफ बड़ौदा का कहना है कि व्यापक स्तर पर स्थानीय प्रतिभाओं की नियुक्ति से विभिन्न क्षेत्रों में बैंक की मौजूदगी और मजबूत होगी। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक के रूप में बैंक समावेशी विकास, रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने में अपनी भूमिका निभा रहा है।

बैंक ऑफ बड़ौदा के कार्यपालक निदेशक ने क्या कहा?

बैंक ऑफ बड़ौदा के कार्यपालक निदेशक लाल सिंह ने कहा कि यह भर्ती अभियान केवल बैंक के कार्यबल में निवेश नहीं है, बल्कि उन समुदायों और अर्थव्यवस्थाओं में भी निवेश है, जिनकी बैंक सेवा करता है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय परिवेश की समझ और स्थानीय भाषाओं में दक्ष युवा बैंकिंग पेशेवरों को शामिल करने से विभिन्न बाजारों में ग्राहकों की बदलती जरूरतों के अनुरूप सेवाएं प्रदान करने की क्षमता मजबूत होगी। साथ ही, यह पहल स्थानीय प्रतिभाओं को अपने राज्यों के आर्थिक विकास में योगदान देते हुए सफल करियर बनाने का अवसर प्रदान करेगी।

भर्ती की प्रमुख जानकारी

  • पद: स्थानीय बैंक अधिकारी (कनिष्ठ प्रबंधन वेतनमान/संवर्ग-I)
  • कुल रिक्तियां: 2,482
  • आयु सीमा: 21 से 30 वर्ष, 1 अगस्त 2026 को
  • आयु में छूट: नियमानुसार लागू
  • शैक्षणिक योग्यता: किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक
  • कार्य अनुभव: शैक्षणिक योग्यता प्राप्त करने के बाद भारतीय रिजर्व बैंक की द्वितीय अनुसूची में सूचीबद्ध किसी अनुसूचित वाणिज्यिक बैंक में अधिकारी के रूप में न्यूनतम 1 वर्ष का अनुभव
  • स्थानीय भाषा: जिस राज्य से अभ्यर्थी आवेदन कर रहा है, उस राज्य की स्थानीय भाषा को पढ़ने, लिखने, बोलने और समझने में दक्ष होना अनिवार्य
  • पदस्थापना: प्रारंभिक 12 वर्षों तक या संवर्ग-IV में पदोन्नति तक, जो भी पहले हो, उसी राज्य में पदस्थापना
  • आवेदन की अंतिम तिथि: 7 सितंबर 2026

ऑनलाइन आवेदन

पात्र अभ्यर्थी निर्धारित आवेदन अवधि के दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से स्थानीय बैंक अधिकारी पद के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts