छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर रेल मंडल में 11 से 25 सितंबर तक राजभाषा पखवाड़ा-2026 का आयोजन

  • दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर मंडल में हिन्दी पखवाड़ा का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक दयानंद ने किया

रायपुर (विश्व परिवार)। दिनांक 11.9.2026 को रायपुर रेल मंडल पर हिन्दी पखवाड़ा – 2026 का मंडल रेल प्रबंधक, रायपुर, दयानंद के करकमलों से शुभारंभ हुआ । श्री दयानंद, मंडल रेल प्रबंधक तथा बजरंग अग्रवाल, अपर मंडल रेल प्रबंधक द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलन से किया गया | इसके पश्चात रेल कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया जिसमें मंडल के कवि अनिल कुमार श्रीवास्तव, वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर, सिगनल ने अपनी रचनाएं पढ़ीं | उन्होंने हिन्दी का महत्व रेखांकित करते हुए कहा – “ हिन्दी हमारी शान है, हिन्दी हमारी आन है | हिन्दी से ही हमारे, देश का उत्थान है ।” नितेश ठाकुर, तकनीशियन – 2, पी.पी. यार्ड, भिलाई ने हिन्दी की परिभाषा देते हुए कहा – “ हिन्द की आशा है हिन्दी, हिन्द की भाषा है हिन्दी | सरल शब्दों में कहें तो, देश की परिभाषा है हिन्दी ।” इसके पश्चात मीसम अली हैदरी, लोको चालक, टावर वैगन ने गजल पढ़ी – “ एक आसमान सर पे उठाना पड़ा हमें | सब सो रहे थे, उनको जगाना पड़ा हमें | जब घर हमारा बंट गया बच्चों के नाम पर, तख्ती से नाम अपना मिटाना पड़ा हमें |”
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में मंडल रेल प्रबंधक, रायपुर, श्री दयानंद ने कहा कि – ए आई के इस दौर में हम अपनी भाषा और संस्कृति को भूलते जा रहे हैं | कला एवं संस्कृति को बचाने जिम्मेदारी हम सब की है | ऐसे आयोजनों से हम अपनी धरोहर को सहेज सकते हैं तथा हम अपने बीच की प्रतिभाओं को अपनी कला का प्रदर्शन का अवसर दे पाते हैं |
श्री बजरंग अग्रवाल, अपर मंडल रेल प्रबंधक ने अपने सम्बोधन में कहा कि – राजभाषा पखवाड़े के दौरान मंडल स्तर पर निबंध लेखन, टिप्पण एवं आलेखन, वाक, प्रश्नोत्तरी आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है । उन्होंने सभी अधिकारियों से अपील किया कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने हेतु प्रेरित करें ।कार्यक्रम के अंत में राजभाषा अधिकारी निकेश कुमार पाण्डेय द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
रायपुर रेल मंडल में राजभाषा पखवाड़ा-2026 का आयोजन 11 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक किया जा रहा है। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
राजभाषा पखवाड़े का उद्देश्य रेलवे के कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करना तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों में राजभाषा हिंदी के प्रति जागरूकता एवं रुचि बढ़ाना है। विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से कर्मचारियों को हिंदी में रचनात्मक एवं अभिव्यक्तिपूर्ण कार्य करने का अवसर भी प्रदान करना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts